देहरादून। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मंगलवार को देहरादून स्थित नाबार्ड के उत्तराखंड क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित नाबार्ड के 45वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने नाबार्ड के अधिकारियों के साथ बैठक कर ग्रामीण वित्तीय संस्थाओं (RFIs) के माध्यम से जमीनी स्तर पर ऋण प्रवाह बढ़ाने के विषय पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में किसानों, स्वयं सहायता समूहों (SHGs), सहकारी संस्थाओं, ग्रामीण उद्यमियों और आजीविका से जुड़े लाभार्थियों तक सरल, सुलभ एवं समयबद्ध ऋण उपलब्ध कराने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया।
डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि नाबार्ड ग्रामीण विकास, कृषि, सहकारिता और वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार और नाबार्ड के समन्वित प्रयासों से उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक सशक्तीकरण को और अधिक गति मिलेगी।



