हरिद्वार। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर हरिद्वार के भगवानपुर स्थित चुड़ियाला में आयोजित कलश बंधन महारैली से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने संत रविदास मंदिर में पूजा-अर्चना की और स्वयं सिर पर कलश रखकर कलश यात्रा में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल सीएमडी इंटर कॉलेज पहुंचकर उन्होंने अभियान का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कलश मंगल, शुभारंभ और समृद्धि का प्रतीक है। समरसता संकल्प अभियान संत रविदास जी के समानता, समरसता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महाअभियान है। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने सामाजिक विषमताओं के समय प्रेम, समानता और मानवता का संदेश दिया तथा यह शिक्षा दी कि कोई भी व्यक्ति जन्म से नहीं बल्कि अपने श्रेष्ठ कर्मों और मानव सेवा से महान बनता है। उन्होंने कहा कि जब तक समाज से भेदभाव समाप्त नहीं होगा, तब तक समरस और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र पर कार्य कर रही है। उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीब, दलित, वंचित और जरूरतमंद परिवारों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि ये योजनाएं संत रविदास जी के समरस समाज के सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने भगवानपुर क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि बहादुरपुर-सोनाली क्षेत्र में लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से बाढ़ सुरक्षा कार्य, करीब 3 करोड़ रुपये से झील का सौंदर्यीकरण, 49 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक विद्यालय का निर्माण, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट की स्थापना तथा 8 करोड़ रुपये की लागत से नवीन तहसील भवन का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा क्षेत्र में सड़कें, संपर्क मार्ग, सीसी रोड और हाईमास्ट लाइट जैसी अनेक विकास परियोजनाएं भी पूरी की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से संत रविदास जी के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को अपने जीवन में अपनाने तथा सामाजिक सद्भाव और जनभागीदारी के माध्यम से भेदभावमुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महापुरुषों के विचारों और उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने बताया कि संत रविदास जी की जन्मस्थली काशी के गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी को देशभर में कलश यात्राओं के माध्यम से पहुंचाया जा रहा है। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में समरसता संकल्प यात्रा का शुभारंभ इसी उद्देश्य से किया गया है।
इस अवसर पर स्वामी निर्मलदास जी ने मुख्यमंत्री के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से धर्म और मानवता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समरसता संकल्प अभियान को प्रदेश के सभी जिलों तक पहुंचाने के लिए भाजपा के सभी जिलाध्यक्षों को कलश भी भेंट किए।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, साध्वी संतोष रानी, संत सतपाल दास, संत 108 रोशनी दास, महंत बंटी दास, संत पिरुमल दास, भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, मुख्यमंत्री के सचिव विनय शंकर पांडे, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
#PushkarSinghDhami #Haridwar #Bhagwanpur #SantRavidas #SamrastaSankalp #Uttarakhand #Development #BJP #BreakingNews #UttarakhandNews



