चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीपलकोटी में अधिकारियों के साथ बैठक कर मायापुर स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल हादसे के बाद चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने टनल में फंसे शेष तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस, प्रशासन और टीएचडीसी की टीमों के बीच बेहतर समन्वय के साथ उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने टनल की तकनीकी स्थिति, जल निकासी और मलबा हटाने के कार्य की लगातार निगरानी तथा रेस्क्यू टीमों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने हादसे में मृतकों के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा एवं सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के निर्देश भी दिए। प्रभावित परिवारों को हरसंभव प्रशासनिक सहयोग का भरोसा दिलाया।
बैठक में कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी, विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, सचिव आपदा विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी गौरव कुमार और एसपी सुरजीत सिंह पंवार सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
#Chamoli #Uttarakhand #PushkarSinghDhami #RescueOperation #THDC #TunnelAccident #Pipalkoti #UttarakhandNews




