देहरादून। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और वैज्ञानिक सोच को आम लोगों तक पहुंचाने की दिशा में विज्ञान वाणी 88.8 FM महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने विज्ञान वाणी की पहल की सराहना करते हुए इसे व्यापक स्तर पर प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
महाराज ने कहा कि विज्ञान वाणी के माध्यम से वैज्ञानिक जानकारियों के साथ-साथ केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी सरल भाषा में लोगों तक पहुंचाई जा सकती है। इसके लिए सभी विभागों को अपनी योजनाओं, उपलब्धियों और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां विज्ञान वाणी के साथ साझा करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि रेडियो आज भी दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक सूचना पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। विज्ञान वाणी के जरिए वैज्ञानिक सोच, नवाचार और तकनीकी जानकारी को जन-जन तक पहुंचाकर समाज में जागरूकता की नई दिशा तैयार की जा सकती है।

मंत्री ने संबंधित विभागों से विज्ञान वाणी के साथ समन्वय बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं और वैज्ञानिक उपलब्धियों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है। इससे युवाओं और आमजन को विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में हो रहे नए प्रयासों की जानकारी भी मिल सकेगी।
Tags:
#VigyanVani #888FM #SatpalMaharaj #ScienceCommunication #Uttarakhand #Dehradun #ScientificThinking #ScienceAwareness




