
देहरादून-हरिद्वार रोड स्थित एक सभागार में ऑल इंडिया स्मॉल न्यूजपेपर्स एसोसिएशन (AISNA) उत्तराखंड इकाई की ओर से संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव शंकर त्रिपाठी, राष्ट्रीय महासचिव एवं PCI सदस्य सुश्री आरती त्रिपाठी तथा PCI सदस्य श्री अरुण त्रिपाठी के देवभूमि उत्तराखंड आगमन पर स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता AISNA के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड इकाई के संरक्षक श्री गुरदीप सिंह टोनी ने की। इस दौरान उत्तराखंड इकाई के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने राष्ट्रीय नेतृत्व का पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महासचिव सोमपाल सिंह ने किया। उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों को संगठन की गतिविधियों, उद्देश्यों और राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
बैठक में पत्रकारों के हितों, पत्रकार सुरक्षा, लघु एवं छोटे समाचार पत्रों के सामने आ रही समस्याओं सहित संगठन को मजबूत बनाने और पत्रकारों की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने पत्रकारों और लघु समाचार पत्रों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए एकजुट होकर कार्य करने पर जोर दिया।



