नई दिल्ली। बैंकिंग सेवाओं को लेकर सामने आई बड़ी खबर में देशभर में प्रस्तावित तीन दिन की बैंक हड़ताल को फिलहाल टाल दिया गया है। भारतीय बैंक संघ (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच रविवार रात हुई बातचीत के बाद हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया गया। ऐसे में सोमवार से बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज जारी रहेगा।
बैंक यूनियनों की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, बैठक में कर्मचारियों की विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। सप्ताह में पांच दिन कामकाज और सभी शनिवार को अवकाश किए जाने के मुद्दे पर IBA और UFBU की संयुक्त समिति गठित करने पर सहमति बनी है। समिति सभी संबंधित पक्षों से बातचीत कर इस विषय पर संभावित समाधान तलाशेगी।
बैठक में स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों की प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन योजना (PLI) में बदलाव की मांग पर भी आगे बातचीत करने का फैसला लिया गया। इसके साथ ही मार्च 2024 में हुई बैठक से जुड़े लंबित मुद्दों को भी प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने पर सहमति बनी।
इन बिंदुओं पर सहमति बनने के बाद UFBU ने प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन और देशव्यापी हड़ताल को फिलहाल वापस लेने की घोषणा की। हड़ताल टलने से बैंक ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है। अब बैंक शाखाओं में नकद जमा-निकासी, चेक क्लियरेंस और अन्य नियमित सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी।
गौरतलब है कि बैंक यूनियनों ने सोमवार से बुधवार तक देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया था। हड़ताल की स्थिति में बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका थी। वर्तमान व्यवस्था के तहत बैंकों में दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है।




