
पूर्व शिक्षकों ने साझा कीं पुरानी यादें, बोले- पढ़ाई के साथ अन्य गतिविधियों में भी सक्रिय और प्रतिभाशाली थे पुष्कर सिंह धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अपने पूर्व शिक्षकों से मुलाकात का भावुक क्षण देखने को मिला। एक कार्यक्रम के दौरान वर्षों बाद अपने गुरुजनों को सामने पाकर मुख्यमंत्री ने बिना किसी औपचारिकता के उनके चरण स्पर्श किए और आशीर्वाद लिया। इस आत्मीय मुलाकात ने गुरु-शिष्य के रिश्ते की गरिमा और भारतीय संस्कारों की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की प्राथमिक कक्षा में शिक्षक रहे जोहरा अब्बास और कक्षा 12वीं में शिक्षक रहे सुदर्शन वर्मा से मुलाकात हुई। अपने पुराने विद्यार्थी को सामने देखकर दोनों शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त की और विद्यार्थी जीवन से जुड़ी यादें साझा कीं।
शिक्षकों ने बताया कि पुष्कर सिंह धामी पढ़ाई-लिखाई के साथ विद्यालय की अन्य गतिविधियों में भी सक्रिय रहते थे। विभिन्न कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लेने के कारण उनकी पहचान एक होनहार और बहुमुखी प्रतिभा के धनी विद्यार्थी के रूप में थी।
वर्षों बाद अपने विद्यार्थी को प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में देखकर शिक्षकों ने गर्व और खुशी जाहिर की। उन्होंने विद्यार्थी जीवन के दौरान धामी की सक्रियता, सहभागिता और आगे बढ़ने के उत्साह को याद किया।
मुख्यमंत्री धामी ने भी अपने शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके योगदान को याद किया। यह मुलाकात इस बात का प्रतीक बनी कि जीवन में व्यक्ति चाहे कितने ही ऊंचे पद पर पहुंच जाए, अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और संस्कार हमेशा सर्वोपरि रहते हैं।




