पांच जिलों में ऑरेंज और अन्य जनपदों में येलो अलर्ट, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के मद्देनजर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में आपदा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियां पूरी रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से 30 अक्टूबर को जारी पूर्वानुमान के अनुसार नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं प्रदेश के अन्य जनपदों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना भी जताई है।
मुख्यमंत्री ने पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम सामान्य होने तक ट्रेकिंग गतिविधियों को नियंत्रित रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही संवेदनशील और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर यातायात नियंत्रित करने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि बारिश के कारण किसी भी सड़क के बाधित होने पर संबंधित विभाग तत्काल मार्ग खोलने की कार्रवाई करें।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को आपदा प्रबंधन की आईआरएस प्रणाली के तहत नामित अधिकारियों और विभागीय नोडल अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए। राजस्व, ग्राम्य विकास और पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने को कहा गया है। वहीं पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन और अन्य बचाव दलों को आवश्यक उपकरणों के साथ तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उच्च हिमालयी क्षेत्रों में खराब मौसम और भारी बारिश के दौरान पर्यटकों की आवाजाही नियंत्रित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेते हुए समय रहते एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत एवं बचाव सहायता पहुंचाई जा सके।
#Uttarakhand #CMDhami #WeatherAlert #OrangeAlert #DisasterManagement




