मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने रोजगार मॉडल की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के दिए निर्देश
देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में स्टेट स्टीयरिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्पेक्ट्रम टैलेंट मैनेजमेंट लिमिटेड की ओर से उत्तराखंड के युवाओं को स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार और विदेशों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के संबंध में प्रस्तुतीकरण दिया गया।
मुख्य सचिव ने कंपनी को रेवेन्यू मॉडल, कौशल प्रशिक्षण, रोजगार सृजन और प्लेसमेंट की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं और महिलाओं को प्राथमिकता देते हुए बाजार की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही अनुभवी प्रशिक्षकों की उपलब्धता और प्रशिक्षण के बाद रोजगार दिलाने की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने सभी गतिविधियों के लिए समयसीमा निर्धारित करने और संबंधित विभागों व हितधारकों के साथ कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश भी दिए। कंपनी को प्रस्ताव पर नेशनल स्टीयरिंग कमेटी से आवश्यक अनुमोदन प्राप्त करने को कहा गया।
बैठक में सचिव सी. रविशंकर एवं रणवीर सिंह चौहान, अपर सचिव मनुज गोयल और स्पेक्ट्रम टैलेंट मैनेजमेंट लिमिटेड के निदेशक सिद्धार्थ अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
#Uttarakhand #AnandBardhan #Employment #SkillDevelopment #YouthEmployment




