1 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित होगी रैली, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का उठेगा मुद्दा
राजीव महर्षि बोले—मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा
देहरादून, 29 अक्टूबर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 1 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ रैली में उत्तराखंड से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता प्रतिभाग करेंगे। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि ने यह जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश के सभी जनपदों से पार्टी के वरिष्ठ नेता, विधायक, पूर्व विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारी तथा महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और सेवादल के कार्यकर्ता रैली में शामिल होंगे।
राजीव महर्षि ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के साथ ही आम जनता के मताधिकार को सुरक्षित रखना कांग्रेस की प्राथमिकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार के कार्यकाल में लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वायत्तता और निष्पक्षता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और मताधिकार की सुरक्षा को लेकर जनता के मन में कई सवाल हैं, लेकिन सरकार इनका संतोषजनक जवाब देने के बजाय विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि मताधिकार केवल मतदान करने का अधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की लोकतांत्रिक पहचान और संवैधानिक स्वतंत्रता का महत्वपूर्ण आधार है। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से हटाया जाता है या चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं, तो यह लोकतंत्र की मूल भावना के विपरीत है।
महर्षि ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार मतदाता सूचियों की पारदर्शिता, चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और प्रत्येक नागरिक के वोट की सुरक्षा का मुद्दा उठा रहे हैं। कांग्रेस का मानना है कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए निर्वाचन आयोग सहित सभी संवैधानिक संस्थाओं का स्वतंत्र, निष्पक्ष और जवाबदेह होना आवश्यक है।
उन्होंने उत्तराखंड में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दौरान विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं के नाम हटाने के लिए प्रस्तुत आपत्तियों, एक ही व्यक्ति द्वारा बड़ी संख्या में आपत्तियां दर्ज कराने और वास्तविक मतदाताओं के नाम सूची से हटने की आशंकाओं को लेकर शिकायतें सामने आई हैं। कांग्रेस इन मुद्दों पर निर्वाचन आयोग के समक्ष अपनी आपत्तियां दर्ज कराती रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी किसी भी पात्र मतदाता को उसके संवैधानिक मताधिकार से वंचित नहीं होने देगी।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में उत्तराखंड के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में दिल्ली रैली को लेकर उत्साह है। प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों से हजारों कांग्रेसजन दिल्ली पहुंचकर लोकतंत्र की रक्षा के अभियान में भागीदारी करेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ लोकतंत्र में आस्था रखने वाले नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों से भी 1 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
राजीव महर्षि ने कहा कि वोट की रक्षा ही संविधान की रक्षा है और संविधान की रक्षा से ही लोकतंत्र सुरक्षित रह सकता है।




