
बिना मानचित्र स्वीकृति के बन रही दुकानों और व्यावसायिक भवनों पर कार्रवाई, उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने दी नियमों का पालन करने की चेतावनी
देहरादून। शहर में अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को प्राधिकरण की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर सात स्थानों पर अवैध निर्माणों को सील किया। कार्रवाई के दौरान बिना स्वीकृत मानचित्र के बनाई जा रही दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और अन्य निर्माणाधीन संरचनाओं को निशाने पर लिया गया।
प्राधिकरण की टीम ने विद्यासागर मार्ग पर गैस गोदाम के निकट संजीव फरासी द्वारा किए जा रहे निर्माण को सील किया। वहीं सुंदरवाला स्थित विज्ञान विहार कॉलोनी, खलंगा क्षेत्र में छमी द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के बनाई जा रही छह दुकानों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। रायपुर रोड पर शाह जनरल स्टोर के निकट ऋषभ भंडारी द्वारा निर्मित अवैध व्यावसायिक दुकानों को भी सील किया गया। इसके अलावा खलंगा क्षेत्र में अभय प्रताप सिंह के निर्माण पर भी कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में देहराखास स्थित दून मेडिकल रोड पर अजय शर्मा और सौरभ जैन द्वारा किए जा रहे निर्माण को सील किया गया। अस्थल रोड पर एचआईटी कॉलेज के सामने थेवा माल देवता रोड क्षेत्र में कपिल और पुलकित के निर्माण तथा सहस्रधारा रोड पर विक्रम द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माण के विरुद्ध भी प्राधिकरण ने सीलिंग की कार्रवाई की।
एमडीडीए अधिकारियों के अनुसार, शहर में सुनियोजित विकास बनाए रखने के लिए भवन निर्माण से पहले मानचित्र स्वीकृत कराना अनिवार्य है। बिना स्वीकृति निर्माण होने से नियोजन व्यवस्था प्रभावित होने के साथ ही भविष्य में सड़क, पार्किंग और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं। इसी को देखते हुए प्राधिकरण की टीमें नियमित निरीक्षण कर रही हैं और अनधिकृत निर्माण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं होगा : बंशीधर तिवारी
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण करना नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों और भवन निर्माताओं से अपील की कि निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक मानचित्र स्वीकृत कराएं और निर्धारित नियमों का पालन करें।
प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अवैध निर्माणों के खिलाफ नियमित निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। निरीक्षण के दौरान अनधिकृत निर्माण पाए जाने पर सीलिंग सहित नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के क्षेत्रीय अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर और पुलिस बल मौजूद रहे।



