
राजेश्वर पैन्यूली बोले- एकजुट होकर करेंगे काम, 2027 में प्रतापनगर में कमल खिलाना हमारा संकल्प
नई टिहरी। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में अपनी संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शिक्षा एवं सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने रामगांव में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक कर संगठन की स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में संभावित प्रत्याशी भी मौजूद रहे।
बैठक में डॉ. धन सिंह रावत ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिली हार का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से पिछली गलतियों से सबक लेने और आगामी चुनाव के लिए अभी से पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनाव में सफलता हासिल करने के लिए संगठन का मजबूत होना और प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और जनता से निरंतर संपर्क बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
मंत्री ने कहा कि प्रतापनगर में भाजपा की जीत के लिए सभी कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ काम करना होगा। संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के बीच पार्टी की सक्रिय उपस्थिति ही आगामी चुनाव में सफलता का आधार बनेगी।
विकास के मुद्दे पर कांग्रेस विधायक को घेरा
बैठक के दौरान वक्ताओं ने प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर कांग्रेस विधायक विक्रम सिंह नेगी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में भाजपा का विधायक नहीं होने के कारण विकास कार्यों को अपेक्षित गति नहीं मिल पा रही है। वक्ताओं ने कहा कि विधायक अपनी जिम्मेदारियों और विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए राज्य सरकार पर सहयोग नहीं मिलने के आरोप लगाते हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की ओर से प्रतापनगर क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। वक्ताओं ने क्षेत्र में दो केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना को सरकार की उपलब्धि बताते हुए कहा कि राज्य सरकार क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रयास कर रही है।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए जनप्रतिनिधि की सक्रियता और प्रभावी भूमिका आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विकास कार्यों और सरकार की योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाने तथा विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के साथ जवाब देने का आह्वान किया।
राजेश्वर पैन्यूली ने जताया 2027 में जीत का संकल्प
भाजपा नेता राजेश्वर पैन्यूली ने कहा कि प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2027 के चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्होंने कहा कि इस बार सभी कार्यकर्ता पूरी एकजुटता और मजबूती के साथ मैदान में उतरेंगे और भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
पैन्यूली ने कहा कि प्रतापनगर में विकास की गति तेज करने और क्षेत्र को नई दिशा देने के लिए भाजपा की जीत आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचकर जनता से संवाद स्थापित करने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि संगठन की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने के लिए काम करना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता और मेहनत से वर्ष 2027 में प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की जीत का लक्ष्य हासिल किया जाएगा।
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी बनाने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।




