कहा- इगास जैसे लोकपर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान, अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़े रहना बेहद जरूरी
देहरादून। उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और विरासत के प्रति प्रेम उस समय जीवंत नजर आया, जब सूचना महानिदेशक एवं MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी इगास बग्वाल के रंग में पूरी तरह रंगे दिखाई दिए। बंजारावाला स्थित गंगोत्री विहार में आयोजित इगास के विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में पारंपरिक पहाड़ी गीतों की धुन पर उन्होंने जमकर नृत्य किया और उपस्थित लोगों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने भी उनके साथ कदम से कदम मिलाए।
दीपावली के 11 दिन बाद मनाए जाने वाले उत्तराखंड के पारंपरिक लोकपर्व इगास बग्वाल को लेकर आयोजित इस कार्यक्रम में लोकसंस्कृति की अनूठी छटा देखने को मिली। पारंपरिक लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच बंशीधर तिवारी की सहज सहभागिता कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। उन्होंने न केवल लोकगीतों का आनंद लिया, बल्कि स्वयं नृत्य कर यह संदेश भी दिया कि अपनी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने के लिए उससे जुड़ाव जरूरी है।
इस अवसर पर बंशीधर तिवारी ने कहा कि रोजगार और बेहतर अवसरों की तलाश में उत्तराखंड के लोग भले ही देश-दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में पहुंच गए हों, लेकिन अपनी संस्कृति, सभ्यता और जड़ों से जुड़े रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि हमारी लोकपरंपराएं हमारी पहचान हैं और इन्हें सहेजकर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि इगास जैसे पारंपरिक लोकपर्व केवल उत्सव मनाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन लोगों को अपनी मिट्टी, बोली, भाषा और परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं। साथ ही नई पीढ़ी को उत्तराखंड की लोकसंस्कृति से परिचित कराने और उसे आगे बढ़ाने का अवसर भी प्रदान करते हैं।
तिवारी ने लोकपर्वों के संरक्षण और उनके व्यापक आयोजन की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि आधुनिकता और बदलती जीवनशैली के बीच अपनी परंपराओं को जीवित रखना बेहद महत्वपूर्ण है। जब युवा पीढ़ी इन उत्सवों में उत्साहपूर्वक भाग लेती है, तभी हमारी सांस्कृतिक विरासत एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचती है।
कार्यक्रम में बंशीधर तिवारी का पहाड़ी गीतों पर थिरकना और लोकसंस्कृति के प्रति उनका उत्साह लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। उनकी सहभागिता ने यह संदेश दिया कि संस्कृति केवल यादों और आयोजनों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उसे अपने व्यवहार और जीवनशैली का हिस्सा बनाना भी जरूरी है।




