कोदो-झंगोरा से अंतरराष्ट्रीय बाजार तक उत्तराखंड के किसानों की पहचान, स्वदेशी महोत्सव में गणेश जोशी ने किया सम्मानित
रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित उद्यमिता किसान सम्मान समारोह में किसानों और उद्यमियों के योगदान को सराहा, स्थानीय उत्पादों और महिला स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर दिया जोर
देहरादून। उत्तराखंड के पारंपरिक कृषि उत्पादों, स्थानीय उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित दस दिवसीय स्वदेशी महोत्सव में पांचवें दिन उद्यमिता किसान सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। स्मृति विकास संस्थान के तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान किसानों और उद्यमियों के योगदान को सम्मानित करते हुए उनके परिश्रम, नवाचार और आत्मनिर्भरता की भावना की सराहना की गई।
13 से 22 नवंबर तक आयोजित हो रहे स्वदेशी महोत्सव (उत्तराखंड विकास प्रदर्शनी) के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में कृषि, स्थानीय उत्पादों, लघु उद्योगों और स्वरोजगार के माध्यम से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष चर्चा हुई।
समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि देश के किसान अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसानों का परिश्रम न केवल खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करता है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्थानीय रोजगार को भी मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने उत्तराखंड के पारंपरिक अनाजों का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय में ‘कोदो-झंगोरा खाएंगे, उत्तराखंड बनाएंगे’ का नारा दिया गया था। आज प्रदेश के किसान कोदो, झंगोरा और अन्य मोटे अनाजों का उत्पादन कर अपनी आर्थिकी मजबूत कर रहे हैं। इन पारंपरिक उत्पादों की पहचान अब अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच रही है, जो उत्तराखंड के किसानों के लिए बड़ी उपलब्धि है।
कृषि और स्थानीय उद्यमिता से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में कृषि और छोटे उद्यमों के क्षेत्र में अपार संभावनाएं मौजूद हैं। स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक उत्पादों को बाजार से जोड़कर किसानों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं। कृषि और स्थानीय उद्यमिता को मजबूत किए बिना आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करना संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने स्थानीय उत्पादों के उत्पादन के साथ-साथ उनके बेहतर प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन पर भी ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने महोत्सव परिसर में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां प्रदर्शित उत्पादों और विभागीय योजनाओं की जानकारी ली तथा स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए इस प्रकार के आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।
किसानों और उद्यमियों का सम्मान उनके परिश्रम का सम्मान : चौधरी परमाल सिंह
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे शिक्षक एवं समाजसेवी चौधरी परमाल सिंह ने कहा कि किसानों और उद्यमियों का सम्मान वास्तव में उनके अथक परिश्रम, समर्पण और आत्मनिर्भरता की भावना का सम्मान है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए कृषि और लघु उद्योगों को प्रोत्साहित करना समय की आवश्यकता है। ऐसे आयोजन मेहनतकश किसानों और उद्यमियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं और उनके कार्यों को व्यापक पहचान दिलाते हैं।
महिला उद्यमिता से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती : मधु भट्ट
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि राज्यमंत्री मधु भट्ट ने महिला उद्यमिता और स्वरोजगार को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं अपनी प्रतिभा, मेहनत और कौशल के बल पर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने वाले ऐसे मंच महिला उद्यमियों और छोटे कारोबारियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, प्रचार-प्रसार और विपणन के बेहतर अवसर उपलब्ध कराते हैं।
उन्होंने कहा कि स्वदेशी महोत्सव स्थानीय उत्पादों और उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं को भी संरक्षित करने का कार्य कर रहा है। महोत्सव में स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोक कलाओं तथा सामाजिक विषयों के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प को मिला व्यापक मंच
स्वदेशी महोत्सव के पांचवें दिन रेंजर्स ग्राउंड में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों पर उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प, कृषि उत्पादों और स्थानीय उद्यमों से जुड़ी वस्तुओं का प्रदर्शन किया गया। इस आयोजन के माध्यम से स्थानीय उत्पादकों और छोटे उद्यमियों को अपने उत्पादों की विशेषताएं लोगों तक पहुंचाने, नए ग्राहकों से जुड़ने और विपणन के अवसर तलाशने का मंच मिल रहा है।
महोत्सव में स्थानीय उत्पादों के साथ स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहित करने का संदेश भी दिया जा रहा है।
विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक से दिया स्वदेशी और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान श्री गोवर्धन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, धर्मपुर के छात्र-छात्राओं ने स्वदेशी अपनाने, भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को सहेजने और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर आधारित आकर्षक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की इस संदेशपरक प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रवीण पुरोहित, आधार वर्मा, प्रवीण ममगाई, रविंद्र बोरा, हेमा, राहुल, वीरेंद्र यादव, रविंद्र मोहन, सुमन चौहान, कमलदीप, रूपा यादव, अंजली भट्ट और सुरेश सुयाल सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।
Tags: #SwadeshiMahotsav #GaneshJoshi #Uttarakhand #Farmers #Entrepreneurship #Millets #LocalProducts #WomenEntrepreneurs #Dehradun




