पॉलीहाउस के माध्यम से बेमौसमी सब्जियों, फूलों और उच्च मूल्य वाली फसलों के उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा
देहरादून, 17 नवंबर। प्रदेश में आधुनिक एवं तकनीक आधारित खेती को बढ़ावा देने और किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को अपने कैंप कार्यालय से देहरादून जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के 28 किसानों के दल को गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के लिए रवाना किया। कृषि मंत्री ने किसानों की बस को हरी झंडी दिखाकर प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। संरक्षित खेती आधुनिक कृषि की महत्वपूर्ण तकनीक है, जिसके माध्यम से किसान कम भूमि और नियंत्रित वातावरण में भी बेहतर गुणवत्ता वाली फसलों का उत्पादन कर सकते हैं। इससे मौसम पर निर्भरता कम होने के साथ ही किसानों को अधिक लाभ अर्जित करने के अवसर मिलते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में संरक्षित खेती को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार किसानों के खेतों में बड़े स्तर पर पॉलीहाउस का निर्माण करा रही है। इसका उद्देश्य किसानों को बेमौसमी सब्जियों, फूलों और उच्च मूल्य वाली फसलों के उत्पादन से जोड़ना है, ताकि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से फसलों को सुरक्षित रखते हुए उनकी आय में वृद्धि की जा सके।
कृषि मंत्री ने कहा कि पॉलीहाउस निर्माण के लिए सरकार की ओर से किसानों को आकर्षक अनुदान भी उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे छोटे और युवा किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने, स्वरोजगार के अवसर विकसित करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण देने, उन्हें प्रोत्साहित करने और खेती को लाभकारी व्यवसाय बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। पंतनगर विश्वविद्यालय में मिलने वाले प्रशिक्षण से किसान संरक्षित खेती की वैज्ञानिक एवं आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और उन्हें अपने खेतों में अपनाने के लिए प्रेरित होंगे।
कृषि मंत्री ने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद किसान अपने अनुभव और तकनीकी जानकारी अन्य किसानों के साथ भी साझा करेंगे। इससे प्रदेश में आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती का विस्तार होगा और अधिक से अधिक किसान संरक्षित खेती को अपनाकर अपनी आय बढ़ा सकेंगे।
इस अवसर पर जिला उद्यान अधिकारी डॉ. डीके तिवारी सहित प्रशिक्षण के लिए रवाना हुए किसान उपस्थित रहे।
Tags: #GaneshJoshi #UttarakhandAgriculture #ProtectedFarming #PolyhouseFarming #FarmersTraining #Pantnagar




