देहरादून। रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित बहुभाषी राष्ट्रवादी कवि सम्मेलन में राष्ट्रप्रेम, पहाड़ की संस्कृति, गांव की यादों और सामाजिक सरोकारों की भावनाएं कविताओं के माध्यम से जीवंत हो उठीं। स्मृति विकास संस्थान की ओर से आयोजित दस दिवसीय स्वदेशी महोत्सव (उत्तराखंड विकास प्रदर्शनी) के अंतर्गत आयोजित इस सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री खजानदास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आठ भाषाओं के कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को साहित्य और लोकसंस्कृति के विविध रंगों से रूबरू कराया।
कैबिनेट मंत्री खजानदास ने कहा कि साहित्य और कविता समाज को जागरूक करने के साथ राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं। भारत की सांस्कृतिक विविधता उसकी सबसे बड़ी ताकत है। मातृभाषाएं और लोकबोलियां हमारी पहचान हैं, इसलिए इनके संरक्षण और प्रोत्साहन के लिए निरंतर प्रयास होने चाहिए। उन्होंने ऐसे आयोजनों को नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
कवि सम्मेलन में संस्कृत, गढ़वाली, कुमाऊंनी, जौनसारी, पंजाबी, हिंदी और उर्दू सहित विभिन्न भाषाओं में काव्य प्रस्तुतियां दी गईं। डॉ. रामविनय सिंह ने संस्कृत, नीता कुकरेती ने गढ़वाली, कविता बिष्ट नेह ने कुमाऊंनी, रिंकू और सीमा ने जौनसारी, दीपक अरोड़ा ने पंजाबी, दिव्यांशु दुष्यंत ने हिंदी तथा मोनिका मंतशा ने उर्दू में अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। मुख्यमंत्री के प्रमुख निजी सचिव भूपेंद्र बसेड़ा ने कुमाऊंनी कविता प्रस्तुत कर खूब सराहना बटोरी। वहीं स्मॉल बेल्स डांस एकेडमी के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
सम्मेलन में जौनसार की प्राकृतिक सुंदरता और लोकजीवन पर आधारित कविता ‘मेरे जौनसार की बात निराली असो’ विशेष आकर्षण रही। इसमें पहाड़ के ठंडे पानी, लोगों की मीठी वाणी, हरे-भरे जंगलों और प्राकृतिक सौंदर्य का मनमोहक चित्रण किया गया।
वहीं ‘मेरे गांव दे’ शीर्षक से प्रस्तुत कविता ने ग्रामीण जीवन की बदलती तस्वीर, पुराने संस्कारों, आपसी रिश्तों और पलायन की पीड़ा को सामने रखा। रोजगार की कमी, गांवों से पलायन और पारंपरिक रीति-रिवाजों के धीरे-धीरे विलुप्त होने जैसे विषयों ने श्रोताओं को भावुक किया। एक अन्य हिंदी कविता के माध्यम से जीवन के संघर्ष और अपनी जड़ों की ओर लौटने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में अतिथियों ने कहा कि मातृभाषाओं और लोकसंस्कृति को जीवित रखने में साहित्यकारों एवं कवियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजन विभिन्न भाषाओं और बोलियों को मंच देने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हैं।
अति विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ शिक्षाविद् एवं सुभाष चंद्र बोस अकादमी के चेयरमैन दिगंबर नेगी तथा वीर सावरकर संगठन के अध्यक्ष कुलदीप स्वेडिया ने भी आयोजन की सराहना की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून के छात्रसंघ अध्यक्ष नवदीप राणा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीकांत श्री ने किया, जबकि संयोजन डॉ. शैलेन्द्र कौशिक ने किया।
Tags: #PoetryFestival #SwadeshiMahotsav #UttarakhandCulture #FolkLiterature #DehradunNews




