वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में उत्तराखंड की सानिया जोशी और पार्थ बोहरा ने जीता सिल्वर मेडल, मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आईआरडीटी सभागार, देहरादून में कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग की ओर से आयोजित युवा कौशल महोत्सव-2026 में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2025-26 के अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया। साथ ही सहसपुर स्थित स्किल हब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार हासिल करने वाले 35 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। वहीं, अखिल भारतीय व्यावसायिक परीक्षा-2026 के 32 राजकीय आईटीआई टॉपर्स को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आईटीआई की राज्य स्तरीय प्रवेश प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से विभागीय पोर्टल विकसित करने में योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चीन के शंघाई में सितंबर 2026 में आयोजित 48वीं वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में भारत ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 6 सिल्वर मेडल और 20 मेडलियन्स फॉर एक्सीलेंस हासिल किए। भारत ने प्रतियोगिता में 10वां स्थान प्राप्त किया, जो अब तक का उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इस उपलब्धि में उत्तराखंड के दो प्रतिभाशाली युवाओं सानिया जोशी और पार्थ बोहरा का भी अहम योगदान रहा। सानिया जोशी ने रिटेल सेल्स और पार्थ बोहरा ने इंडस्ट्रियल डिजाइन टेक्नोलॉजी में सिल्वर मेडल जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने दोनों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता प्रदेश के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी।
युवाओं को रोजगार के साथ स्वरोजगार से जोड़ना प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर युवाओं को वर्तमान में मांग वाले क्षेत्रों में प्रशिक्षण उपलब्ध करा रही है। सरकार का प्रयास है कि युवा केवल जॉब सीकर बनकर न रहें, बल्कि जॉब क्रिएटर बनकर दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करें। इसके लिए प्रदेश में स्टार्टअप नीति लागू की गई है। नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं तथा 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है। युवा प्रोत्साहन योजना और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के माध्यम से युवाओं को ऋण एवं सब्सिडी की सुविधा भी दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में नई खेल नीति लागू करने के साथ ही खेल अवस्थापना सुविधाओं, स्टेडियमों और प्रशिक्षण केंद्रों का विस्तार किया जा रहा है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के साथ सरकारी सेवाओं में अवसर भी दिए जा रहे हैं।
पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से युवाओं को मिल रहे अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पदभार संभालने के बाद उन्होंने संकल्प लिया था कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी कीमत पर खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। इसी दिशा में प्रदेश में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और अब भर्ती परीक्षाएं पारदर्शी तरीके से आयोजित की जा रही हैं। युवाओं को बिना सिफारिश और रिश्वत के अपनी योग्यता के आधार पर सरकारी सेवाओं में चयनित होने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि राज्य गठन के बाद से अब तक प्रदेश में लगभग 55 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां मिली हैं। इनमें पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य हम सभी का सामूहिक संकल्प है। इस लक्ष्य को हासिल करने में देश की युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। राज्य सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए उनके साथ एक मजबूत सहयोगी के रूप में खड़ी है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा एवं खजान दास, सचिव सी. रविशंकर, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न संस्थानों के प्रशिक्षक, सम्मानित प्रतिभागी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Tags: #YuvaKaushalMahotsav2026 #PushkarSinghDhami #UttarakhandNews #SkillDevelopment #WorldSkillsCompetition #DehradunNews




