देहरादून, 16 नवंबर। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सूचना एवं लोक संपर्क विभाग (डीआईपीआर) की ओर से डिजिटल संवाद की दिशा में एक नई पहल करते हुए डीआईपीआर डिजिटल पॉडकास्ट का औपचारिक शुभारंभ किया गया। जिला सूचना कार्यालय देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में सूचना महानिदेशक एवं एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्वयं पहले पॉडकास्ट की रिकॉर्डिंग कर इस पहल की शुरुआत की। इस डिजिटल माध्यम के जरिए प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, नीतिगत निर्णयों और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को आमजन तक सरल, सहज और प्रभावी ढंग से पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय डिजिटल संचार और तकनीक का दौर है। सूचना के आदान-प्रदान के पारंपरिक माध्यमों के साथ अब डिजिटल प्लेटफॉर्म भी जनसंवाद का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुके हैं। पॉडकास्ट एक ऐसा प्रभावी माध्यम है, जिसके जरिए किसी विषय की जानकारी विस्तार से, सरल भाषा में और सीधे लोगों तक पहुंचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि डीआईपीआर डिजिटल पॉडकास्ट के माध्यम से सरकारी योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों, विकास परियोजनाओं और विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण उपलब्धियों से संबंधित जानकारियां आमजन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। इससे सरकार और जनता के बीच संवाद को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
फेक न्यूज पर अंकुश और सूचना के सत्यापन पर जोर
डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच सूचना महानिदेशक ने सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रही फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज सोशल मीडिया पर कोई भी सूचना कुछ ही समय में बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच जाती है। ऐसे में बिना सत्यापन के किसी खबर या जानकारी को साझा करना समाज में भ्रम और गलतफहमी पैदा कर सकता है। प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है कि किसी भी सूचना को आगे प्रसारित करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करे।
उन्होंने कहा कि सूचना के प्रसार में तेजी के साथ उसकी विश्वसनीयता बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है। विशेष रूप से पत्रकारिता और मीडिया से जुड़े लोगों को तथ्यों की पुष्टि, प्रमाणिक स्रोतों और जिम्मेदार प्रस्तुति को प्राथमिकता देनी चाहिए। डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग सूचनाओं को सही संदर्भ में प्रस्तुत करने और जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक संवाद स्थापित करने के लिए किया जाना चाहिए।
स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को वैश्विक पहचान दिला रहा सोशल मीडिया
स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और लोक उत्सवों के प्रचार-प्रसार में डिजिटल माध्यमों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बंशीधर तिवारी ने कहा कि सोशल मीडिया ने उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने के नए अवसर उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने हरेला, इगास और छठ पूजा जैसे पर्वों का उल्लेख करते हुए कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अब स्थानीय त्योहारों, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक परंपराओं को व्यापक पहचान मिल रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, पारंपरिक खानपान, लोककला, लोकगीत, वेशभूषा और क्षेत्रीय परंपराएं हमारी विशिष्ट पहचान हैं। इन्हें संरक्षित करने के साथ नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी आवश्यक है। सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल माध्यम इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने युवाओं और पत्रकारिता के विद्यार्थियों से अपील की कि वे डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग केवल मनोरंजन तक सीमित न रखें, बल्कि समाज में सकारात्मक संवाद, विश्वसनीय जानकारी और जनजागरूकता बढ़ाने के लिए भी करें।
सरकार और जनता के बीच संवाद का बनेगा प्रभावी माध्यम
डीआईपीआर डिजिटल पॉडकास्ट की शुरुआत को सूचना एवं जनसंपर्क के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसके माध्यम से सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों से जुड़ी जानकारियों को अधिक संवादात्मक और सरल प्रारूप में प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। पॉडकास्ट के जरिए विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की जा सकेगी, जिससे आमजन को योजनाओं के उद्देश्य, उनके लाभ और उनसे जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को समझने में आसानी होगी।
कार्यक्रम के दौरान सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने जिला सूचना कार्यालय देहरादून का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कार्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी, अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी रवेन्द्र सिंह नेगी, कनिष्ठ सहायक इंद्रेश कोठारी सहित जिला सूचना कार्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।




