80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों का सम्मान, शिक्षा में बदलाव और समाज की एकजुटता पर दिया जोर
देहरादून। उत्तराखण्ड क्षत्रिय कल्याण समिति (पंजी.), देहरादून का रजत जयंती समारोह रविवार को बद्रीपुर, जोगीवाला स्थित रावत फार्म हाउस में हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। वर्ष 2001 में स्थापित समिति के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विशिष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता पीठाधीश्वर शंकर मठ आश्रम, रुड़की (हरिद्वार) के स्वामी दिनेशानन्द भारती ने की। अपने संबोधन में उन्होंने क्षत्रिय समाज के गौरवशाली इतिहास और परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज को अपने आदर्शों, मर्यादाओं और गौरवशाली विरासत को सदैव बनाए रखना चाहिए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के पूर्व कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान ने कहा कि क्षत्रिय समाज का सबसे बड़ा गुण निष्ठा है। अपने कर्तव्य, समाज और राष्ट्र के प्रति अटूट निष्ठा ही हमारी वास्तविक पहचान है।
विशिष्ट अतिथि हिमगिरी विश्वविद्यालय, देहरादून के पूर्व कुलपति एवं गढ़वाल विश्वविद्यालय, श्रीनगर से जुड़े रहे शिक्षाविद् डॉ. सतीश चन्द्र बागड़ी ने वर्तमान शिक्षा प्रणाली में बदलाव की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा को केवल डिग्री तक सीमित रखने के बजाय रोजगारपरक एवं कौशल आधारित बनाया जाना चाहिए। उन्होंने चीन का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां विश्वविद्यालय स्तर पर लगभग 10 हजार पुराने पाठ्यक्रमों को समाप्त कर उनके स्थान पर आधुनिक पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ केस स्टडी के माध्यम से शिक्षित करने की आवश्यकता बताई, ताकि उनमें समस्या समाधान की क्षमता विकसित हो सके। साथ ही समिति को प्लेसमेंट सेल गठित करने और नशामुक्ति अभियान चलाने का सुझाव दिया।
समारोह में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवान ने समाज की एकजुटता को समय की आवश्यकता बताते हुए सभी से आपसी मतभेद भुलाकर संगठित होने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संयुक्त संचालन जयमल सिंह नेगी एवं समिति के महासचिव सोहन सिंह नेगी ने किया। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष दिगम्बर सिंह नेगी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोविन्द सिंह बिष्ट, कनिष्ठ उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह रावत, कोषाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट, सहायक महासचिव विक्रम सिंह, संगठन सचिव चन्द्रपाल सिंह, सांस्कृतिक सचिव परमेश्वरी देवी एवं मीडिया प्रभारी गजपाल सिंह रावत सहित कार्यकारिणी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह का समापन सहभोज के साथ हुआ।
Tags: #Uttarakhand #Dehradun #KshatriyaSamiti #SilverJubilee #SocialEvent




