मुख्यमंत्री धामी ने मुख्यमंत्री राहत कोष से अतिरिक्त सहायता देने के दिए निर्देश, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने अधिकारियों को राहत एवं उपचार में तेजी लाने को कहा
देहरादून। टिहरी जनपद में हुई सड़क दुर्घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने जिलाधिकारी टिहरी एवं संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) देहरादून को निर्देश दिए हैं कि दुर्घटना में मृतकों के आश्रितों को परिवहन विभाग के कोष से शासन के निर्धारित प्रावधानों के तहत 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। वहीं गंभीर रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये की राहत राशि तथा अन्य घायलों को नियमानुसार आर्थिक सहायता देने की कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित की जाए।
मंत्री ने अधिकारियों को दुर्घटना में घायल सभी व्यक्तियों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत पात्र घायलों को आवश्यक चिकित्सा एवं राहत सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहत और उपचार के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री के निर्देश पर परिवहन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटना की तकनीकी जांच शुरू कर चुकी है। वहीं आरटीओ (प्रवर्तन) देहरादून और एआरटीओ (प्रवर्तन) ऋषिकेश की टीमें एम्स ऋषिकेश पहुंचकर घायलों को प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत उपचार उपलब्ध कराने की कार्रवाई में जुटी हैं।
परिवहन मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी पीड़ित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से परिवहन विभाग द्वारा दी जा रही सहायता के अतिरिक्त आर्थिक मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मजिस्ट्रियल और तकनीकी जांच कराने तथा जल्द से जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
Tags: #TehriAccident #PushkarSinghDhami #PradeepBatra #UttarakhandNews #RoadAccident #UttarakhandGovernment




