अभिनव थापर ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों से किया जनसंपर्क, 26 नवंबर को राज्यपाल को सौंपा जाएगा ज्ञापन
देहरादून, 19 नवंबर। कैंट विधानसभा क्षेत्र के गोविंदगढ़ मुख्य बाजार में गुरुवार को कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाया। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अभिनव थापर और पूर्व पार्षद चरणजीत कौशल के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों से संपर्क कर हस्ताक्षर कराए गए।
कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ ही मंत्रियों रेखा आर्या, गणेश जोशी और धन सिंह रावत के इस्तीफे की मांग को लेकर यह अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाजार में व्यापारियों और स्थानीय लोगों से संवाद कर अभियान में भागीदारी की अपील की। आयोजकों के अनुसार, बड़ी संख्या में लोगों ने हस्ताक्षर कर अपना विरोध दर्ज कराया।
अभिनव थापर ने कहा कि प्रदेश सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार के आरोपों, अनियमितताओं और जनविरोधी नीतियों को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। जनता सरकार से जवाबदेही चाहती है। उन्होंने मुख्यमंत्री से संबंधित मंत्रियों के खिलाफ कार्रवाई करने और आरोपों से घिरे मंत्रियों से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।
पूर्व पार्षद चरणजीत कौशल ने कहा कि कांग्रेस हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से जनता की आवाज को एकजुट कर रही है। उन्होंने बताया कि 26 नवंबर 2026 को पार्टी हस्ताक्षरों के साथ राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्रियों के इस्तीफे की मांग करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पारदर्शिता और जवाबदेह शासन के मुद्दे पर अपना आंदोलन जारी रखेगी।
अभियान में कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के महानगर अध्यक्ष गुरचरण कौशल, वार्ड अध्यक्ष त्रिलोचन सिंह जस्सल, अमृता कौशल, पवन चौहान, कृष्णा देवी, उमा, मिथलेश रानी, संजय प्रजापति, युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव जतिन कौशल, यमुना कॉलोनी ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्य कौशल, राहुल, संजय, प्रेम चंद शर्मा, आशीष मिश्रा, याकूब अली और नीरज गोस्वामी सहित अनेक स्थानीय नागरिक, व्यापारी और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#Congress #UttarakhandPolitics #AbhinavThapar #Dehradun #PoliticalNews #Uttarakhand




