
देहरादून। सातवें देहरादून इंटरनेशनल साइंस एंड टेक्नोलॉजी फेस्टिवल के अंतर्गत शुक्रवार को उत्तराखंड विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) में रूरल एंटरप्रेन्योरशिप एंड स्टार्टअप कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डॉ. आर. राजेश कुमार ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और आने वाले समय में राष्ट्र की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी। युवा प्रशासनिक सेवाओं, उद्यमिता और विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व की भूमिका निभाकर देश के विकास में योगदान दे सकते हैं।
डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि भारत तेजी से आर्थिक विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। केंद्र और राज्य सरकार का लक्ष्य देश को विकसित राष्ट्र बनाना है, जिसमें ग्रामीण उद्यमिता और स्टार्टअप्स की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। उन्होंने कहा कि भारत के प्राकृतिक संसाधनों, कृषि उत्पादों और कृषि आधारित व्यवसायों में अपार संभावनाएं मौजूद हैं। इन संभावनाओं को नवाचार, तकनीक और उद्यमिता के माध्यम से नए अवसरों में बदला जा सकता है।
उन्होंने जोर दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए रास्ते खोलेगा। ग्रामीण स्तर पर स्थापित होने वाले स्टार्टअप न केवल आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देंगे, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भी योगदान देंगे।
इस अवसर पर डॉ. आर. राजेश कुमार ने फेस्टिवल परिसर में आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने ग्रामीण स्टार्टअप्स द्वारा प्रदर्शित नवाचारों और उत्पादों की जानकारी ली तथा युवा उद्यमियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
विज्ञान और तकनीक से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में 1200 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
फेस्टिवल के अंतर्गत शुक्रवार को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड साइबर सिक्योरिटी कॉन्फ्रेंस, साइंस क्विज, मॉडल रॉकेट्री वर्कशॉप, मैजिक ऑफ मैथ, स्टेम वर्कशॉप, ग्रीन एनर्जी कॉन्क्लेव और बायोटेक्नोलॉजी कॉन्क्लेव सहित कई गतिविधियां आयोजित की गईं। इन आयोजनों में विद्यार्थियों, शोधार्थियों और विज्ञान में रुचि रखने वाले युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इसके साथ ही सैकड़ों विद्यार्थियों ने साइंस एंड टेक्नोलॉजी एक्जीबिशन का अवलोकन कर विज्ञान, तकनीक, नवाचार और आधुनिक शोध से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं। दिनभर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में लगभग 1200 से अधिक प्रतिभागियों ने सहभागिता की।




