टीचर ऑफ द ईयर अवार्ड समारोह में शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को मिला सम्मान
डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम बोले- विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में अभूतपूर्व प्रगति के बिना विकसित राष्ट्र का लक्ष्य संभव नहीं
देहरादून। उत्तराखंड विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) में आयोजित तीन दिवसीय सातवें देहरादून इंटरनेशनल साइंस एंड टेक्नोलॉजी फेस्टिवल का शनिवार को भव्य समापन हुआ। समापन अवसर पर नौवें टीचर ऑफ द ईयर अवार्ड समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षा, शोध, नवाचार और अकादमिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 41 शिक्षकों एवं शिक्षाविदों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम ने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति के बिना किसी भी राष्ट्र का विकसित होना संभव नहीं है। भारत सरकार ने वर्ष 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी दिशा में राज्य सरकारें भी अपने विजन और नीति दस्तावेज तैयार कर रही हैं। उत्तराखंड ने भी विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए अपना विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है। उन्होंने शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों, प्रोफेसरों और नवाचार के क्षेत्र में कार्य कर रहे विशेषज्ञों से इस लक्ष्य की प्राप्ति में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
समारोह में गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के कुलपति डॉ. शिवेंद्र कश्यप तथा यूनिवर्सिटी ऑफ पेट्रोलियम एंड एनर्जी स्टडीज (यूपीईएस) के कुलपति डॉ. सुनील रॉय को वाइस चांसलर ऑफ द ईयर सम्मान प्रदान किया गया। इसके अलावा एक्सीलेंस इन रिसर्च, प्रिंसिपल ऑफ द ईयर और टीचर ऑफ द ईयर सहित विभिन्न श्रेणियों में कुल 41 शिक्षाविदों को सम्मानित किया गया।
पुरस्कारों के लिए चयन उच्चाधिकार प्राप्त स्क्रीनिंग एवं चयन समिति द्वारा किया गया। इस वर्ष समिति की अध्यक्षता उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. तृप्ति ठाकुर ने की। 13 शिक्षाविदों एवं विभिन्न शैक्षणिक क्षेत्रों के विशेषज्ञों की समिति ने गहन मूल्यांकन के बाद पुरस्कार विजेताओं का चयन किया। इससे पूर्व यूकॉस्ट के महानिदेशक डॉ. दुर्गेश पंत ने स्वागत भाषण देकर अतिथियों का अभिनंदन किया।
विज्ञान संचार और ड्रोन तकनीक पर हुआ मंथन
फेस्टिवल के अंतिम दिन उत्तराखंड साइंस मीडिया एंड कम्युनिकेटर्स मीट का आयोजन किया गया। इसमें सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. नितिन उपाध्याय ने विभिन्न विषयों के विद्यार्थियों के साथ संवाद किया और विज्ञान संचार की भूमिका एवं महत्व पर विचार साझा किए।
ड्रोन टेक्नोलॉजी पर आयोजित कार्यशाला में शासन के सचिव दीपक कुमार ने विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थियों के साथ ड्रोन तकनीक की संभावनाओं और उपयोगिता पर चर्चा की। जेबीआईटी इंस्टीट्यूट के सहयोग से ड्रोन तकनीक का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को ड्रोन उड़ाने की तकनीक का प्रत्यक्ष प्रदर्शन भी दिखाया गया।
मेडिकल और टेक्नोलॉजी के समन्वय पर चर्चा
फेस्टिवल के तहत आयोजित मेडिटेक कॉन्क्लेव में प्रदेशभर के मेडिकल कॉलेजों से एमबीबीएस एवं नर्सिंग के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कॉन्क्लेव में चिकित्सा और प्रौद्योगिकी के बीच बढ़ते समन्वय पर चर्चा हुई। निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. आशुतोष सयाना, जीआरडी विश्वविद्यालय के कुलपति एवं प्रख्यात टेक्नोक्रेट डॉ. मनीष प्रतीक तथा फॉनिक्स विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनीष पांडे ने चिकित्सा क्षेत्र में तकनीक के बढ़ते प्रभाव पर विचार रखे। वक्ताओं ने मेडिकल विशेषज्ञों और टेक्नोक्रेट्स के बीच सहयोग को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
आईपीआर, कॉपीराइट और पेटेंट की दी जानकारी
फेस्टिवल में बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर), कॉपीराइट एवं पेटेंट विषय पर विशेष कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें शिक्षकों, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों को बौद्धिक संपदा अधिकारों के विभिन्न पहलुओं, उनके महत्व और उपयोगिता की जानकारी दी गई।
वहीं, साइंस एंड टेक्नोलॉजी एग्जिबिशन में विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भागीदारी की। प्रदर्शनी में विज्ञान, नवाचार और तकनीकी उपलब्धियों से जुड़े मॉडल एवं परियोजनाएं प्रस्तुत की गईं।
समापन कार्यक्रम में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. तृप्ति ठाकुर, डीएवी कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. अजय सक्सेना, कुमाऊं विश्वविद्यालय टीचर्स एसोसिएशन के ललित तिवारी सहित विभिन्न शिक्षाविद एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विज्ञान, तकनीक, शोध, नवाचार, कार्यशालाओं और सम्मान समारोहों के विविध आयोजनों के साथ तीन दिवसीय फेस्टिवल का सफल समापन हुआ।




