
पद्मश्री अनूप जलोटा बोले- मेरा जन्म नैनीताल में हुआ, मैं भी उत्तराखंड का हूं; महज 11 रुपये मासिक शुल्क पर दर्शकों को मिलेगी भक्ति और आध्यात्मिक सामग्री
देहरादून। भक्ति, आध्यात्म और भारतीय संस्कृति को डिजिटल मंच पर नई पहचान देने के उद्देश्य से शनिवार को देहरादून में भक्तिद्वार टेलीविजन OTT का भव्य शुभारंभ किया गया। समारोह में पद्मश्री एवं प्रख्यात भजन गायक अनूप जलोटा ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा। कार्यक्रम में प्रदेश की कई प्रतिष्ठित हस्तियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों ने शिरकत की। दीप प्रज्वलन के साथ समारोह का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अनूप जलोटा की भजन प्रस्तुतियां रहीं। उन्होंने ‘ऐसी लागी लगन’, ‘राम आएंगे’ और ‘गोविंद जय जय’ जैसे लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रोताओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। उत्तराखंड से अपने भावनात्मक जुड़ाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “मेरा जन्म नैनीताल में हुआ है, मैं भी उत्तराखंड का हूं।” उनके इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उत्साह जताया।
लॉन्च से पहले ‘कर्मों का फल’ की शूटिंग
भक्तिद्वार टेलीविजन OTT के शुभारंभ से पहले अनूप जलोटा ने देहरादून में ही इसके आगामी शो ‘कर्मों का फल’ की शूटिंग की। शो के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि मनुष्य के प्रत्येक कर्म का अपना परिणाम होता है। शूटिंग के बाद शाम को आयोजित लॉन्च समारोह में OTT प्लेटफॉर्म की शुरुआत की औपचारिक घोषणा की गई।
11 रुपये में मिलेगा मासिक सब्सक्रिप्शन
भक्तिद्वार टेलीविजन OTT के संस्थापक एवं संचालक दिनेश असोपा ने अपने संबोधन में बताया कि इस डिजिटल मंच के माध्यम से दर्शकों तक भजन, धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों और सनातन संस्कृति से जुड़ी सामग्री पहुंचाई जाएगी। उन्होंने लोगों से ऐप डाउनलोड कर इस पहल से जुड़ने की अपील की। उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक लोगों तक मंच की पहुंच बनाने के उद्देश्य से इसका मासिक सब्सक्रिप्शन केवल 11 रुपये रखा गया है।
कई गणमान्य हस्तियों ने की शिरकत
समारोह में उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष बलजीत सिंह सोनी, उत्तराखंड सरकार की संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद की उपाध्यक्ष मधु भट्ट (राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त) और राज्य स्तरीय महिला उद्यमिता परिषद के उपाध्यक्ष विनोद उनियाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सामाजिक कार्यकर्ता साधना शर्मा ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस अवसर पर दिनेश असोपा की पत्नी रीना असोपा, बेटी निकिता असोपा, अभिनेत्री जया पांडे, भक्तिद्वार की क्रिएटिव हेड भावना शर्मा और निर्देशक जयदेव चक्रवर्ती भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में अतिथियों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया।
30 वर्षों के अनुभव वाले निर्देशक जयदेव चक्रवर्ती ने जताया आभार
टेलीविजन और फिल्म निर्देशन के क्षेत्र में करीब 30 वर्षों का अनुभव रखने वाले निर्देशक जयदेव चक्रवर्ती ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, सहयोगियों और सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
देहरादून में भक्तिद्वार टेलीविजन OTT की शुरुआत को भक्ति, आध्यात्म और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को डिजिटल माध्यम से दर्शकों तक पहुंचाने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। कार्यक्रम में अनूप जलोटा की भजन प्रस्तुतियों ने समारोह को विशेष बना दिया।
Tags: Anup Jalota, Bhakti Dwar OTT, Dehradun News, Uttarakhand Culture, Spiritual Entertainment




