Waves Film Bazaar में ‘Destination Uttarakhand’ पर विशेष पैनल चर्चा, 3 करोड़ रुपये तक की फिल्म सब्सिडी और 3T मॉडल से प्रदेश की फिल्म नीति को किया प्रस्तुत
देहरादून। 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह (IFFI)-2026 के अंतर्गत आयोजित Waves Film Bazaar में उत्तराखंड की फिल्म नीति, प्राकृतिक सुंदरता और शूटिंग डेस्टिनेशन्स को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत के सामने प्रस्तुत किया गया। ‘Destination Uttarakhand: Where Nature Meets Cinematic Magic’ विषय पर आयोजित विशेष पैनल डिस्कशन में प्रदेश को प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
पैनल चर्चा में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक और प्रसिद्ध फिल्म निर्माता राम रेड्डी ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का संचालन अभिनेत्री शीना ने किया।
फिल्मकारों को 3 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी
चर्चा के दौरान संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में तैयार उत्तराखंड फिल्म पॉलिसी-2024 प्रदेश में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। नीति के तहत निर्धारित पात्रता और शर्तों के अनुसार हिंदी फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी सीरियल्स के लिए अधिकतम 3 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा सिंगल विंडो व्यवस्था और सरल शूटिंग अनुमति प्रक्रिया के माध्यम से फिल्मकारों को सुविधाएं दी जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के हिमालयी दृश्य, नदियां, पर्वतीय क्षेत्र, ऐतिहासिक भवन और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत फिल्मकारों को शूटिंग के लिए विविध विकल्प उपलब्ध कराते हैं। मसूरी, लैंडौर, नैनीताल, देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार के साथ गढ़वाल एवं कुमाऊं के अनेक क्षेत्रों में फिल्म निर्माण की व्यापक संभावनाएं हैं।
चौहान ने फिल्म नीति के 3T मॉडल यानी टैलेंट, ट्रेनिंग और टेक्नोलॉजी का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को अवसर देने के साथ क्षेत्रीय सिनेमा को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
आरुषि निशंक ने साझा किया वेब सीरीज का अनुभव
अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक ने अपनी वेब सीरीज ‘लाइफ हिल गई’ का उदाहरण देते हुए बताया कि उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर आधारित इस प्रोजेक्ट को कहानी सुनने के बाद जियो हॉटस्टार ने कमीशन किया था। उन्होंने प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और यहां फिल्म निर्माण के अनुकूल वातावरण की सराहना की। साथ ही कहा कि उत्तराखंड में एक मजबूत फिल्म निर्माण इकोसिस्टम विकसित करने की जरूरत है, जिससे देश-दुनिया के अधिक से अधिक फिल्मकार यहां शूटिंग के लिए आकर्षित हों।
राम रेड्डी बोले- उत्तराखंड मेरे लिए दूसरे घर जैसा
प्रसिद्ध फिल्म निर्माता राम रेड्डी ने अपनी फिल्म ‘जुगनुमा’ की शूटिंग के अनुभव साझा करते हुए उत्तराखंड को अपने लिए दूसरे घर जैसा बताया। उन्होंने कहा कि फिल्म की शूटिंग के लिए उपयुक्त लोकेशन तलाशने के उद्देश्य से वह 17 बार उत्तराखंड आए। इस दौरान उन्हें स्थानीय लोगों का भरपूर सहयोग और आत्मीयता मिली तथा शूटिंग में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि फिल्म में अभिनेता मनोज बाजपेयी के साथ उत्तराखंड के गांवों के बच्चों को भी अभिनय का अवसर दिया गया। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को फिल्म जगत से जुड़ने का मौका मिला।
पर्यटन और रोजगार को भी मिलेगा बढ़ावा
पैनल चर्चा में इस बात पर जोर दिया गया कि फिल्म निर्माण गतिविधियों का लाभ केवल मनोरंजन उद्योग तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। होटल, परिवहन, आतिथ्य और पर्यटन जैसे क्षेत्रों को भी फिल्म शूटिंग गतिविधियों से प्रोत्साहन मिल सकता है।
IFFI-2026 के मंच पर आयोजित इस सत्र के माध्यम से उत्तराखंड की फिल्म नीति, शूटिंग सुविधाओं, सब्सिडी और प्राकृतिक लोकेशन्स को फिल्म जगत के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। इससे प्रदेश को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की संभावनाओं को नई पहचान मिली।
Tags: IFFI 2026, Waves Film Bazaar, Destination Uttarakhand, Uttarakhand Film Policy, Arushi Nishank, Ram Reddy, Film Tourism, Uttarakhand Tourism




