धनौरी के हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज के स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि हुए शामिल, 70 प्रतिशत से अधिक छात्राओं की भागीदारी पर जताई खुशी

हरिद्वार। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी सोमवार को धनौरी स्थित हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज के स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए गणेश जोशी ने कहा कि धनौरी जैसे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र में उच्च शिक्षा का केंद्र स्थापित करना सराहनीय पहल है। इससे ग्रामीण युवाओं और बेटियों को घर के नजदीक उच्च शिक्षा के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी शिक्षण संस्थान की स्थापना समाज और राष्ट्र के भविष्य को संवारने का महत्वपूर्ण कार्य है।
मंत्री ने महाविद्यालय में 70 प्रतिशत से अधिक छात्राओं के अध्ययनरत होने पर प्रसन्नता जताते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में सकारात्मक संकेत बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत और लगन से पढ़ाई करने, तकनीक एवं नवाचार से जुड़ने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्थानीय पत्रकारों को भी सम्मानित किया।
इस अवसर पर कॉलेज के चेयरमैन डॉ. हर्ष सैनी, प्राचार्य मुनेन्द्र सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Tags: #GaneshJoshi #HaridwarNews #Dhanouri #HigherEducation #UttarakhandNews




