180 दिन से लंबित शिकायतों पर विभागों से जवाब तलब, यूपीसीएल को तत्काल विद्युत पोल बदलने के निर्देश
हिट एंड रन क्लेम, बुजुर्गों की संपत्ति पर कब्जे और बेटी की शादी के लिए आर्थिक मदद जैसी समस्याएं भी पहुंचीं जनसुनवाई में
देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित 103 शिकायतें दर्ज की गईं। भूमि विवाद, अवैध कब्जे, आर्थिक सहायता, प्रमाण पत्र, विद्युत व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर फरियादी जिलाधिकारी के सामने पहुंचे। डीएम ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
छह माह से लंबित शिकायतों पर डीएम नाराज
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन और मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने कुछ शिकायतकर्ताओं से फोन पर सीधे बातचीत कर शिकायतों के निस्तारण की वास्तविक स्थिति जानी। सीएम हेल्पलाइन पर 180 दिनों से लंबित शिकायतों को लेकर डीएम ने संबंधित विभागों से स्पष्टीकरण तलब किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बुजुर्गों और जरूरतमंदों की समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई
जनसुनवाई में जाखन निवासी 76 वर्षीय गोविंद राम शाह ने अपने बेटे पर मकान पर जबरन कब्जा करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। इस पर डीएम ने एसडीएम सदर को भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कर बुजुर्ग को तत्काल राहत दिलाने के निर्देश दिए।
प्रेमनगर निवासी शीला देवी ने बताया कि उनके पति की हिट एंड रन दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी, लेकिन अभी तक उन्हें क्लेम नहीं मिल पाया है। जिलाधिकारी ने एसडीएम सदर को मामले में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, टीबी से पीड़ित मरीज को दून अस्पताल में भर्ती न किए जाने की शिकायत पर सीएमओ को उसी दिन मरीज को भर्ती कर उपचार शुरू कराने के आदेश दिए।
मन्नूगंज निवासी जसवीर कौर ने परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए दिसंबर में प्रस्तावित अपनी बेटी की शादी के लिए आर्थिक सहायता मांगी। डीएम ने एडीएम को मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। डांडीपुर निवासी बुजुर्ग महिला बीना गुलाटी और कांवली रोड निवासी बुजुर्ग बृजमोहन ने भी परिवार में आय का कोई साधन नहीं होने के कारण आर्थिक मदद की मांग रखी।
प्रमाण पत्र और भूमि विवाद के मामले भी पहुंचे
विकासनगर निवासी पुष्पा भट्ट ने अपनी बेटी का जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं होने की शिकायत की। इस पर डीएम ने तहसीलदार को तत्काल प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए। हरिपुर कालसी निवासी शराफत अली ने पत्नी के निधन के बाद उत्तरजीवी प्रमाण पत्र जारी करने का अनुरोध किया।
ग्राम क्यारी निवासी प्रभा नौटियाल ने विकासनगर स्थित अपनी निजी भूमि पर प्रॉपर्टी डीलर द्वारा कब्जा किए जाने की शिकायत की। वहीं, एकता विहार निवासी बीरा पंवार ने अपनी भूमि पर बाहरी व्यक्तियों द्वारा कब्जा करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला उठाया। दोनों मामलों में संबंधित एसडीएम को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
टिहरी जनपद के ग्राम कोटी निवासी मनोज पंवार ने भूमि क्रय-विक्रय के मामले में 21 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई।
स्कूल के कूड़े और सड़क निर्माण में बाधा की शिकायत
ऋषिकेश-चंद्रबनी निवासी हेमवती नंदन देवरानी ने श्री राधा-कृष्ण पब्लिक स्कूल पर घर के सामने अवैध रूप से कूड़ा-कचरा और अपशिष्ट पदार्थ फेंकने का आरोप लगाया। डीएम ने एसडीएम और अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत को संयुक्त रूप से जांच कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
नवादा कोटा में सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़क निर्माण कार्य में एक स्थानीय व्यक्ति द्वारा बाधा उत्पन्न किए जाने की शिकायत पर भी एसडीएम को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
छह माह से नहीं बदले विद्युत पोल, यूपीसीएल से मांगा जवाब
समाधान दिवस में विद्युत व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों पर जिलाधिकारी ने यूपीसीएल के अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजगी जताई। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर छह माह से लंबित विद्युत पोल बदलने की शिकायतों पर उन्होंने विभाग से स्पष्टीकरण तलब किया और दोनों विद्युत पोल तत्काल बदलने के निर्देश दिए।
भगत सिंह कॉलोनी निवासी निदा रब्बानी ने घर में विद्युत मीटर नहीं होने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की समस्या रखी। डीएम ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को दो दिन के भीतर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री घोषणाओं से जुड़े कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जनसमस्याओं के निस्तारण और विकास कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जीतेंद्र कुमार, एसडीएम राजकुमार पांडेय, एसडीएम अभय प्रताप सिंह, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी जगदीश प्रसाद काला सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Tags: #Dehradun #SamadhanDiwas #DMDehradun #PublicGrievances #UttarakhandNews




