देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासकीय आवास पर संस्कृत शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की। उन्होंने आगामी कुंभ के दृष्टिगत हरिद्वार में संस्कृत के प्रचार-प्रसार से जुड़े कार्यों की व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
मुख्यमंत्री ने आदर्श संस्कृत ग्रामों में वर्षभर नियमित रूप से संस्कृत संभाषण और संस्कृत आधारित गतिविधियां आयोजित करने को कहा। साथ ही बच्चों को संस्कृत भाषा के साथ वेद, उपनिषद, पुराण और अन्य महत्वपूर्ण संस्कृत ग्रंथों की जानकारी सरल एवं रुचिकर माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने चारधाम सहित हर की पैड़ी, जागेश्वर धाम, आदि कैलाश, पूर्णागिरि, सुरकंडा देवी, धारी देवी, गर्जिया देवी मंदिर और वीरभद्र ऋषिकेश जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों पर संस्कृत के प्रचार-प्रसार के लिए प्रभावी पहल करने को कहा।





