प्लेटलेट्स घटकर रह गए थे महज 4 हजार, कांस्टेबल शाहनवाज ने अस्पताल पहुंचकर स्वेच्छा से किया रक्तदान
देहरादून। दून पुलिस ने एक बार फिर मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है। गंभीर रूप से बीमार एक बुजुर्ग महिला के लिए पुलिस का जवान देवदूत बनकर पहुंचा और स्वेच्छा से रक्तदान कर उनकी मदद की।
जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर को व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सूचना मिली कि हिमालयन अस्पताल, जौलीग्रांट में भर्ती एक बुजुर्ग महिला की हालत गंभीर है। महिला के प्लेटलेट्स घटकर महज 4 हजार रह गए थे और उपचार के लिए तत्काल रक्त की आवश्यकता थी।
सूचना मिलते ही पुलिस कार्यालय देहरादून में तैनात कांस्टेबल शाहनवाज ने बिना देर किए अस्पताल पहुंचकर स्वेच्छा से रक्तदान किया। उनके इस मानवीय प्रयास से महिला के उपचार में मदद मिली।
खास बात यह है कि कांस्टेबल शाहनवाज अब तक 87 बार रक्तदान कर चुके हैं। इससे पहले वह 86 बार जरूरतमंदों की मदद के लिए रक्तदान कर चुके थे।
कांस्टेबल शाहनवाज की इस पहल पर बुजुर्ग महिला के परिजनों ने दून पुलिस का आभार जताते हुए पुलिसकर्मियों की तत्परता और मानवीय कार्यशैली की सराहना की।
दून पुलिस की यह पहल बताती है कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं, बल्कि जरूरत के समय लोगों की जिंदगी बचाने में भी उसकी अहम भूमिका है।
#DehradunPolice #UttarakhandPolice #BloodDonation #Humanity #DehradunNews




