
भराड़ीसैंण में राज्य आंदोलनकारियों के लिए कैबिनेट समिति गठित करने का ऐलान, अतिथि शिक्षकों को भी मिलेगा बढ़ा हुआ मानदेय
गैरसैंण, 09 नवंबर। उत्तराखण्ड के 26वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के विकास के लिए 13 महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा कार्यकत्रियों और भोजन माताओं के मानदेय में 1 दिसंबर 2026 से वृद्धि करने का ऐलान किया। इसके साथ ही अतिथि शिक्षकों का मानदेय भी बढ़ाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलनकारियों की मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए कैबिनेट समिति गठित करने की घोषणा की। समिति चिह्नीकरण नियमों में छूट, दोहरी पेंशन और आश्रितों को प्रमाणपत्र देने जैसे विषयों पर अपनी संस्तुति देगी।
मुख्यमंत्री की 13 महत्वपूर्ण घोषणाएं
- आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं का मानदेय बढ़ेगा।
- आशा कार्यकत्रियों के मानदेय में वृद्धि होगी।
- भोजन माताओं का मानदेय बढ़ाया जाएगा।
- लखपति दीदियों को स्वरोजगार विस्तार के लिए प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
- वन्यजीव हमलों में घायलों को महंगे उपचार के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिलेगी।
- प्रत्येक जनपद में दो आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी एवं वाचनालय स्थापित होंगे।
- सभी राजस्व गांवों को पावर ग्रिड से जोड़ा जाएगा।
- प्रवासियों के लिए निवेश संबंधी भूमि खरीद प्रक्रिया सरल होगी।
- ‘अपुणि सरकार’ पोर्टल की सेवाएं अधिक सरल और प्रभावी बनाई जाएंगी।
- छोटे किसानों और बिजली उपभोक्ताओं का विलंबित भुगतान सरचार्ज माफ होगा।
- गोपाल बाबू गोस्वामी और चन्द्र सिंह राही को उत्तराखण्ड गौरव सम्मान दिया जाएगा।
- अतिथि शिक्षकों के मानदेय में वृद्धि होगी।
- राज्य आंदोलनकारियों की समस्याओं के समाधान के लिए कैबिनेट समिति गठित होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखण्ड का दशक बनाने के संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड का निर्माण सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने राज्य की 26 वर्षों की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में हुई प्रगति की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है और प्रदेश की तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलनकारियों, लोकगायक स्वर्गीय गोपाल बाबू गोस्वामी के परिजनों, किसानों, उद्यमियों और उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि भी वितरित की गई।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल, भूपाल राम टम्टा, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
#UttarakhandFoundationDay #PushkarSinghDhami #UttarakhandGovernment #Gairsain #UttarakhandNews




