
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली के पावन अवसर पर गढ़ी कैंट क्षेत्र में सेना के जवानों से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री आवास लौटते समय सेना के जवानों को देखकर उन्होंने अपना काफिला रुकवाया और उनके बीच पहुंचकर आत्मीयता से बातचीत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जवानों का कुशलक्षेम जाना और मिठाई बांटकर उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा और राष्ट्र की अखंडता बनाए रखने के लिए हमारे वीर सैनिक दिन-रात पूरी निष्ठा, समर्पण और अदम्य साहस के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। जवानों की सतर्कता और अटूट संकल्प के कारण ही देशवासी सुरक्षित वातावरण में अपने त्योहार मना पाते हैं।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के अवसर पर जब पूरा देश अपने परिवारों के साथ खुशियां मनाता है, तब हमारे अनेक सैनिक घर-परिवार से दूर रहकर राष्ट्र की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। उनका त्याग, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने वीर सैनिकों के शौर्य, साहस और समर्पण को नमन करते हुए उनके सुखद, स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि सैनिकों का सम्मान करना और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड वीरभूमि है और यहां के युवाओं की भारतीय सेना में गौरवशाली परंपरा रही है। प्रदेश का प्रत्येक नागरिक अपने सैनिकों और उनके परिवारों पर गर्व करता है। सैनिकों का राष्ट्रप्रेम और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को भी देशसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
#PushkarSinghDhami #IndianArmy #UttarakhandNews #DehradunNews #Diwali2026




