
मुख्यमंत्री को स्कार्फ पहनाकर किया सम्मानित, संस्था के फ्लैग स्टीकर से स्थापना दिवस का दिया संदेश
देहरादून। भारत स्काउट एवं गाइड के स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को संस्था के उत्तराखंड प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को स्कार्फ पहनाकर सम्मानित किया तथा स्थापना दिवस का फ्लैग स्टीकर लगाया।
मुख्यमंत्री ने स्थापना दिवस पर संस्था से जुड़े सभी पदाधिकारियों, स्काउट्स एवं गाइड्स को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारत स्काउट एवं गाइड युवाओं में अनुशासन, सेवा भावना, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। संस्था के माध्यम से युवाओं को समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की प्रेरणा मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भारत स्काउट एवं गाइड के प्रयास सराहनीय हैं। युवाओं को सेवा और समर्पण के भाव से जोड़ने के साथ ही उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने में संस्था का योगदान महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर संस्था के प्रादेशिक सचिव रविन्द्र मोहन काला ने मुख्यमंत्री को उत्तराखंड में संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 7 नवंबर 1950 को भारत स्काउट एवं गाइड का गठन किया गया था। संस्था स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सेवा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दे रही है।
उन्होंने उत्तराखंड में संचालित हैम रेडियो पायलट प्रोजेक्ट तथा युवा आपदा मित्र कार्यक्रम के अंतर्गत स्वयंसेवकों को दिए जा रहे आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण के बारे में भी जानकारी दी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को आपदा की परिस्थितियों में प्रभावी भूमिका निभाने और जरूरतमंदों की सहायता करने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है।
इस अवसर पर अपर प्रादेशिक मुख्य आयुक्त बंदना गर्ब्याल, प्रादेशिक सचिव रविन्द्र मोहन काला, प्रादेशिक वित्त समिति के सदस्य जे.पी. काला, प्रादेशिक संगठन आयुक्त अंजलि चन्दोला, प्रशासनिक अधिकारी अरुण राय, सहायक प्रादेशिक प्रशिक्षण आयुक्त राहुल प्रसाद रतूड़ी तथा गाइड योजना एवं इशा ठाकुर उपस्थित रहीं।




