देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड फिल्म नीति-2024 के तहत वर्ष 2024 और 2025 के लिए चयनित फिल्मों एवं कलाकारों को उत्तराखण्ड फिल्म पुरस्कार प्रदान करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी और अभिनेता हेमंत पांडे को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। दोनों को ₹2-₹2 लाख की धनराशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
वर्ष 2024 में गढ़वाली फिल्म ‘घपरोल’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार मिलेगा। इसके लिए निर्माता अजय ढौंडियाल, निर्देशक एवं पटकथा लेखक सिद्धार्थ शर्मा और सिनेमेटोग्राफर विनय चानना को चुना गया है। वहीं, फिल्म ‘कारा एक प्रथा’ के लिए रमेश रावत को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, शिवानी भंडारी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री और अजय सिंह बिष्ट को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार दिया जाएगा। जौनसारी फिल्म ‘मेरे गांव की बाट’ के लिए मधुबाला, अजब सिंह को भी विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा।
वर्ष 2025 के हिंदी फिल्म वर्ग में ‘मनु क्या करेगा’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म चुना गया है। वहीं, ‘केसरी चैप्टर-2’ के लिए करण सिंह त्यागी को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक, अक्षय कुमार को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, अनन्या पांडे को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री, आर. माधवन को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता और जुबिन नौटियाल को सर्वश्रेष्ठ गायक के पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है।
उत्तराखण्डी बोली की फिल्मों में गढ़वाली फिल्म ‘रैबार’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार मिलेगा। इसके लिए भगत सिंह सैनी, सुशील उनियाल, राजेश नौगाई और धर्मेंद्र सिंह सिसोदिया को विभिन्न श्रेणियों में चुना गया है। वहीं, ‘द्वि होला जब साथ’ के लिए मनीष डिमरी, कल्याणी गंगोला और विकास भारद्वाज को सम्मानित किया जाएगा।
पुरस्कारों के तहत सर्वश्रेष्ठ फिल्म को ₹2 लाख, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक को ₹1.50 लाख तथा अन्य प्रमुख श्रेणियों में चयनित कलाकारों एवं तकनीकी विशेषज्ञों को ₹1-1 लाख की धनराशि दी जाएगी। साथ ही स्वर्ण एवं रजत ब्रह्मकमल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
राज्य सरकार का उद्देश्य क्षेत्रीय सिनेमा को प्रोत्साहन देने के साथ स्थानीय कलाकारों को मंच उपलब्ध कराना और उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति, भाषा एवं परंपराओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना है।
Tags: Uttarakhand Film Awards, Pushkar Singh Dhami, Narendra Singh Negi, Hemant Pandey, Uttarakhand Cinema, Kesari Chapter 2, Garhwali Cinema, PahadKiKhabar



