देहरादून, 5 नवंबर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के देहरादून के परेड ग्राउंड में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल और स्वच्छता सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी करने और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
सीएम ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने, प्रवेश और निकास के लिए उचित प्रबंध करने तथा पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि कार्यक्रम के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आयोजन से जुड़े दायित्व स्पष्ट करने और तैयारियों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम के सफल एवं सुचारु आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
इस दौरान राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव शैलेश बगौली, विनय शंकर पांडेय सहित शासन और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




