
अभिनव थापर बोले- समाज की वास्तविक शक्ति हैं महिलाएं, उनके संघर्ष और योगदान को सम्मान देना जरूरी
देहरादून। कैंट विधानसभा के इंदिरा नगर क्षेत्र स्थित रॉयल इन पैलेस वेडिंग पॉइंट में गुरुवार को उत्तराखंड कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक अभिनव थापर की ओर से भव्य मातृशक्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्कर्स, भोजन माताओं तथा विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में निस्वार्थ भाव से योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मान पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अभिनव थापर ने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उन महिलाओं में निहित है, जो बिना किसी पद या पहचान की अपेक्षा के निरंतर अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और मातृ-शिशु स्वास्थ्य की जिम्मेदारी संभालती हैं। वहीं आशा वर्कर्स स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। भोजन माताएं विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य और भविष्य को बेहतर बनाने में योगदान दे रही हैं। इन महिलाओं का समर्पण समाज की मजबूत नींव है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा हमेशा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने और उन लोगों को सम्मान देने की रही है, जिनका योगदान अक्सर सार्वजनिक मंचों और चर्चाओं से दूर रह जाता है। मातृशक्ति सम्मान समारोह केवल सम्मान देने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज की इन वास्तविक नायिकाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। मातृशक्ति का सम्मान तभी सार्थक होगा, जब उनके संघर्षों को समझने के साथ उनके अधिकारों की आवाज भी मजबूती से उठाई जाए और उन्हें उचित पहचान एवं सम्मान दिलाया जाए।
समारोह में आशाओं की प्रदेश अध्यक्ष शिवा दुबे, अनीता दास, विमलेश वर्मा, कामिनी कश्यप, राखी गुप्ता, उत्तराखंड राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की जिला संयोजिका मधु पुंडीर, जिला अध्यक्ष तन्नू बम्बा, मीडिया प्रभारी गीता चौहान, सविता पुंडीर, संगीता भट्ट, सुनीता, निर्मला शर्मा एवं रीटा अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्कर्स, भोजन माताओं और विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में ओबीसी विभाग की राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर पिया थापा, पार्षद संगीता गुप्ता, ब्लॉक अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, सोशल मीडिया विभाग के महानगर अध्यक्ष गुरचरण कौशल, मधुसूदन सुंदरियाल और स्वाती नेगी सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भारती जोशी ने किया।
अंत में अभिनव थापर ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों, सम्मानित महिलाओं और माताओं-बहनों का आभार व्यक्त किया।
Tags: #MatriShaktiSamman #AbhinavThapar #DehradunNews #UttarakhandCongress #WomenEmpowerment #AnganwadiWorkers #ASHAWorkers #PahadKiKhabar




