पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में कनेक्टिविटी होगी मजबूत, नैनीताल को 19, टनकपुर और देहरादून मंडल को मिलीं 20-20 बसें
देहरादून। उत्तराखंड में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास से उत्तराखंड परिवहन निगम की 59 नई साधारण बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बीएस-06 उत्सर्जन मानकों के अनुरूप इन बसों के निगम के बेड़े में शामिल होने से यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में सार्वजनिक परिवहन की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रदेश के अंतिम छोर पर बसे गांवों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए बेहतर सड़क संपर्क के साथ मजबूत परिवहन व्यवस्था भी जरूरी है।
नई बसों का आवंटन प्रदेश के तीन मंडलों में किया गया है। इसमें नैनीताल मंडल को 19, टनकपुर मंडल को 20 और देहरादून मंडल को 20 बसें दी गई हैं। इनका संचालन विभिन्न मार्गों पर यात्रियों की आवश्यकता के अनुसार किया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ प्रदेश में आने वाले पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
वर्तमान में उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में कुल 1,276 बसें संचालित हैं। इनमें निगम की अपनी 891 और 385 अनुबंधित बसें शामिल हैं। 59 नई बसों के शामिल होने से निगम की परिवहन क्षमता बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक बीएस-06 मानकों वाली बसें पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी सकारात्मक योगदान देंगी।
उन्होंने परिवहन विभाग और निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र को बेहतर कनेक्टिविटी से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। बेहतर परिवहन सुविधाओं से न केवल आमजन का आवागमन आसान होगा, बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों में आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, समाज कल्याण मंत्री खजान दास, विधायक भूपाल राम टम्टा तथा सचिव एवं परिवहन आयुक्त रविनाथ रामन सहित परिवहन विभाग और उत्तराखंड परिवहन निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
Tags: #PushkarSinghDhami #UttarakhandTransport #NewBuses #PublicTransport #Uttarakhand #Dehradun #PahadKiKhabar




