उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा—अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रानीपोखरी क्षेत्र में करीब 8 से 10 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण की टीम ने जितेंद्र बिष्ट और विजय प्रसाद जोशी द्वारा विकसित की जा रही प्लॉटिंग को चिह्नित कर मौके पर पहुंचकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
एमडीडीए की इस कार्रवाई से अवैध रूप से प्लॉटिंग कर भूखंड बेचने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि बिना स्वीकृत मानचित्र और आवश्यक अनुमति के प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
अवैध गतिविधियों पर होगी सख्त कार्रवाई
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के विकसित की जा रही कॉलोनियों में भूखंड खरीदने से बचें। साथ ही अधिकारियों को ऐसी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। संबंधित अधिकारियों और प्रवर्तन टीम को ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से भूखंड खरीदने से पहले एमडीडीए से उसकी वैधता और स्वीकृति की जानकारी प्राप्त करने की अपील की, ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।




