
अगले 5 से 7 वर्षों में केंद्र का होगा विस्तार, 275 पेशेवरों को काम करने की मिलेगी क्षमता; एआई और डेटा इंजीनियरिंग को मिलेगा बढ़ावा
हैदराबाद/देहरादून। जॉर्जिया (अमेरिका) मुख्यालय वाली एंटरप्राइज डेटा इंटेलिजेंस कंपनी स्प्लैशबीआई ने हैदराबाद के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में अपने ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) का उद्घाटन किया। इस केंद्र के माध्यम से कंपनी अपने वैश्विक उत्पाद विकास, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा साइंस और ग्राहक सेवाओं की क्षमताओं को मजबूत करेगी। कंपनी ने अगले 5 से 7 वर्षों में इस केंद्र के विस्तार के लिए 100 मिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक निवेश करने की योजना बनाई है।
20 हजार वर्ग फुट में विकसित इस केंद्र की क्षमता 275 पेशेवरों की है। इसका उद्घाटन तेलंगाना सरकार के आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार तथा उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री डी. श्रीधर बाबू ने किया।
कंपनी के अनुसार, यह केंद्र प्रोडक्ट इंजीनियरिंग, एआई डेवलपमेंट, डेटा साइंस और कस्टमर डिलीवरी जैसी प्रमुख गतिविधियों का संचालन करेगा। स्प्लैशबीआई वर्तमान में 39 देशों में 500 से अधिक एंटरप्राइज ग्राहकों को अपनी सेवाएं प्रदान कर रही है। कंपनी में वैश्विक स्तर पर करीब 400 कर्मचारी कार्यरत हैं।
एआई और डेटा टेक्नोलॉजी पर रहेगा विशेष फोकस
स्प्लैशबीआई वर्ष 2014 से हैदराबाद में मौजूद है। नया ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर कंपनी की विभिन्न टीमों को एक ही स्थान पर लाकर उत्पाद विकास और वैश्विक ग्राहक सेवाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेगा। यहां प्लेटफॉर्म इंजीनियरिंग, एआई डेवलपमेंट, डोमेन एनालिटिक्स और ग्राहक डिलीवरी से जुड़े कार्य किए जाएंगे।
कंपनी का लक्ष्य उद्यमों को उनके विभिन्न विभागों में बिखरे डेटा को एकीकृत कर उसे बेहतर व्यावसायिक निर्णयों, एनालिटिक्स और एआई आधारित सेवाओं के लिए उपयोगी बनाना है।
स्प्लैशबीआई के सीईओ एवं सह-संस्थापक नवीन मिगलानी ने कहा कि आज उद्यमों के सामने सबसे बड़ी चुनौती उपलब्ध डेटा को विश्वसनीय और उपयोगी व्यावसायिक जानकारी में बदलने की है। हैदराबाद का नया केंद्र इस दिशा में कंपनी की इंजीनियरिंग और ग्राहक विशेषज्ञता को मजबूत करेगा। इससे ग्राहकों को अपने डेटा सिस्टम को बेहतर बनाने और व्यावसायिक संदर्भ के साथ एआई अपनाने में सहायता मिलेगी।
वहीं, कंपनी के प्रेसिडेंट एवं सह-संस्थापक किरण रेड्डी पशम ने कहा कि एंटरप्राइज इंटेलिजेंस के लिए डेटा आर्किटेक्चर के साथ व्यावसायिक प्रक्रियाओं की समझ भी जरूरी है। हैदराबाद केंद्र में दोनों क्षेत्रों की विशेषज्ञ टीमें मिलकर काम करेंगी और ग्राहकों के लिए बेहतर तकनीकी समाधान विकसित करेंगी।
100 से अधिक डेटा कनेक्टर्स से मिलेगी सुविधा
स्प्लैशबीआई का प्लेटफॉर्म एचआर, फाइनेंस, सेल्स, ऑपरेशंस और सप्लाई चेन जैसे विभिन्न विभागों के डेटा को एकीकृत करने में मदद करता है। कंपनी के प्लेटफॉर्म में 100 से अधिक प्री-बिल्ट डेटा कनेक्टर्स उपलब्ध हैं। इसके जरिए विभिन्न एप्लिकेशन और सिस्टम से डेटा एकत्र कर उसे व्यावसायिक उपयोग के अनुकूल बनाया जा सकता है।
कंपनी की सिमेंटिक इंटेलिजेंस तकनीक डेटा को व्यावसायिक संदर्भ और साझा परिभाषाओं से जोड़ती है। इससे एआई सिस्टम को डेटा समझने, विश्लेषण करने और अधिक प्रासंगिक जवाब देने में मदद मिलती है।
इस निवेश से हैदराबाद में तकनीकी विकास, एआई और डेटा इंजीनियरिंग के क्षेत्र में कंपनी की उपस्थिति मजबूत होने के साथ ही आने वाले वर्षों में रोजगार एवं तकनीकी अवसरों के विस्तार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
#SplashBI #Hyderabad #ArtificialIntelligence #DataIntelligence #GlobalCapabilityCenter #Technology #Investment #Telangana




