बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक जीतकर रचा कीर्तिमान

ऋषिकेश।
ऋषिकेश बॉडी बिल्डिंग एंड फिटनेस एसोसिएशन द्वारा कल रात्रि ऋषिकेश में आयोजित 9वीं बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप 2026-27 में यूजेवीएन लिमिटेड में कार्यरत नरेन्द्र कश्यप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश एवं निगम का नाम रोशन किया।
60 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार जीत
देशभर से आए प्रतिभागियों के बीच नरेन्द्र कश्यप ने 60 किलोग्राम भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मिस्टर उत्तराखंड एवं मिस्टर हिमालयनप्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने मास्टर्स क्लास श्रेणी में द्वितीय रनर-अप का स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रबंध निदेशक से की शिष्टाचार भेंट
इस उल्लेखनीय उपलब्धि के उपरांत नरेन्द्र कश्यप ने यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. संदीप सिंघल से शिष्टाचार भेंट कर अपने पदक एवं ट्रॉफी प्रस्तुत की तथा निगम प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।
निगम प्रबंधन ने दी बधाई
इस अवसर पर प्रबंध निदेशक डॉ. संदीप सिंघल ने नरेन्द्र कश्यप को बधाई देते हुए कहा कि दैनिक कार्यों के साथ-साथ खेलकूद के क्षेत्र में यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि यूजेवीएन लिमिटेड सदैव खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करता रहा है तथा भविष्य में भी खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग प्रदान करता रहेगा।
अन्य गणमान्य रहे उपस्थित
इस अवसर पर मनोज रावत, विमल डबराल, हेमचंद्र लोहनी, मोहम्मद जफर सहित अन्य खेलप्रेमी एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।



