सड़क, मंदिर सौंदर्यीकरण, सिंचाई परियोजनाओं और आपदा राहत कार्यों को मिलेगी गति
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में सड़क निर्माण, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, सिंचाई परियोजनाओं और प्राकृतिक आपदा राहत से जुड़े विकास कार्यों के लिए 14 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन स्वीकृतियों से पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा, पौड़ी, ऊधमसिंह नगर और उत्तरकाशी में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में नैनीपातल से नाघर इंटर कॉलेज तक सीसी संपर्क मार्ग निर्माण, चंपावत के लोहाघाट में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. कल्याण सिंह अधिकारी की प्रतिमा स्थापना तथा चंपावत विधानसभा क्षेत्र में सेलागाड़ से कोटकेन्द्री तक संपर्क मार्ग निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति दी है।
इसके अलावा पिथौरागढ़ के मोस्टामानू मंदिर एवं कुशैल रसेपाटा स्थित प्राचीन सैम मंदिर, पौड़ी के यमकेश्वर क्षेत्र स्थित मां बाल कुँवारी माता मंदिर, अल्मोड़ा के जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में भीमादेवी मंदिर तथा सल्ट विधानसभा क्षेत्र के मल्ली मनिला मंदिर के सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार कार्यों के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है।
ऊधमसिंह नगर के गदरपुर क्षेत्र में रामबाग हरिपुरा और पंचाननपुर गांव में मंदिरों, धर्मशालाओं और अन्य निर्माण कार्यों के लिए प्रथम किश्त जारी करने के साथ ही अमृत योजना के तहत बीजापुर नहर के हेड के सुदृढ़ीकरण एवं आधुनिकीकरण को भी मंजूरी दी गई है। वहीं चंपावत जिले की ग्राम पंचायत मैरोली और बड़पास में इंटरलॉकिंग टाइल्स से आंतरिक मार्गों के निर्माण के लिए भी प्रथम किश्त स्वीकृत की गई है।
मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी जिले के धराली में प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के 13 प्रभावितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से शेष 1.21 करोड़ रुपये की राहत राशि जारी करने की भी मंजूरी दी है। सरकार का कहना है कि इन स्वीकृतियों से आधारभूत सुविधाओं के विकास, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और आपदा प्रभावितों को राहत पहुंचाने में मदद मिलेगी।
#PushkarSinghDhami #Uttarakhand #DevelopmentProjects #Pithoragarh #Champawat #Almora #Pauri #Uttarkashi #CMReliefFund #HindiNews



