देहरादून। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक के पदभार ग्रहण करने के बाद कर्मचारियों से किए गए वादों पर तेजी से अमल शुरू हो गया है। मानव संसाधन अनुभाग ने एक माह के भीतर विभिन्न संवर्गों के कर्मचारियों को पदोन्नति, स्थायीकरण और वित्तीय स्तरोन्नयन का लाभ दिया है।
यूपीसीएल के अनुसार, विभिन्न संवर्गों के 27 कर्मचारियों को पदोन्नति, 37 कर्मचारियों का स्थायीकरण तथा 36 कर्मचारियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय सुनिश्चित वित्तीय स्तरोन्नयन प्रदान किया गया है। इसके अलावा कर्मचारियों के लगभग 450 लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति मामलों का भी निस्तारण किया गया है।
प्रदेश के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में भी निगम ने कदम बढ़ाते हुए 75 सहायक लेखाकार पदों पर सीधी भर्ती की विज्ञप्ति जारी कर दी है। वहीं, सहायक अभियंता, लेखाधिकारी, कार्मिक अधिकारी, विधि अधिकारी, अवर अभियंता, ड्राफ्ट्समैन और सहायक भंडारी सहित करीब 115 अन्य रिक्त पदों पर भी जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है।
कर्मचारी संगठनों और एसोसिएशनों ने कार्मिक हित में उठाए गए इन कदमों का स्वागत करते हुए यूपीसीएल प्रबंधन का आभार जताया।
#UPCL #Uttarakhand #Dehradun #PowerCorporation #Promotion #Recruitment #GovernmentJobs #Employment #UttarakhandNews #BreakingNews



