देहरादून। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ देश की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जनपदवासियों और कलेक्ट्रेट परिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश को आजादी असंख्य देशवासियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान के बाद मिली है। स्वतंत्रता की रक्षा करना और राष्ट्र की एकता, अखंडता व लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। डीएम ने कहा कि शासकीय सेवा का मूल उद्देश्य आमजन की सेवा और जनहित में कार्य करना है। शासन की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी प्रभावी ढंग से निभाएं।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का पुनः स्मरण कराता है। स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेते हुए सभी को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए राष्ट्रहित में पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, नगर मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, मुख्य वैयक्तिक अधिकारी जिलाधिकारी वीरेंद्र सिंह सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी, कलेक्ट्रेट प्रेस एवं जिला सूचना कार्यालय के कार्मिक मौजूद रहे।



