देहरादून, 13 अक्टूबर। देहरादून सुपर लीग में देहरादून फुटबॉल एकेडमी (DFA) के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रासरूट्स स्पोर्ट्स फाउंडेशन के खिलाफ 11-1 से बड़ी जीत दर्ज की। एकेडमी के अनुसार, पिछले 15 वर्षों में यह पहली बार है, जब टीम ने इतने बड़े अंतर से जीत हासिल की है।

मुकाबले में तेजीन और उत्कर्ष ने तीन-तीन गोल दागकर हैट्रिक बनाई, जबकि वरुण ने चार गोल किए। शिवांश शर्मा ने भी एक गोल कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
इस शानदार प्रदर्शन पर टीम मैनेजर नलिश शर्मा ने हैट्रिक बनाने वाले तीनों खिलाड़ियों को 500-500 रुपये की नकद राशि देकर प्रोत्साहित किया। टीम की ओर से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के लिए नलिश शर्मा का आभार व्यक्त किया गया।
देहरादून फुटबॉल एकेडमी के संस्थापक अध्यक्ष एवं मुख्य कोच डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं रेफरी, अंतरराष्ट्रीय कोच और राज्य आंदोलनकारी हैं। उन्होंने अपना जीवन फुटबॉल और राज्य में खेल को बढ़ावा देने के लिए समर्पित किया है।
टीम में सहायक कोच मनोज नेगी, गोलकीपर कोच विमल सिंह रावत और मैनेजर नलिश शर्मा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं। टीम की कप्तानी तेजीन कर रहे हैं।
इस शानदार जीत पर देहरादून फुटबॉल एकेडमी के सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
देहरादून सुपर लीग का आयोजन देहरादून फुटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में किया जाता है। एसोसिएशन अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) और उत्तराखंड स्टेट फुटबॉल एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त है।





