30 से 90 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के पूर्व राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दिखाएंगे खेल प्रतिभा

देहरादून, 2 अक्टूबर। 6वें खेलो मास्टर्स नेशनल गेम्स 2026 का आयोजन आगामी 20 से 22 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में देशभर से 30 वर्ष से लेकर 90 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के पूर्व राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगे।
खेलो मास्टर्स गेम्स फाउंडेशन ऑफ उत्तराखंड के महासचिव एवं पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी, रेफरी और अंतरराष्ट्रीय कोच डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि खेलो मास्टर्स गेम्स फाउंडेशन ऑफ इंडिया के महासचिव एवं पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी शैलेन्द्र सिंह ने पत्र के माध्यम से उत्तराखंड इकाई को राष्ट्रीय खेलों के आयोजन की जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय खेलों में फुटबॉल, हॉकी, एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, नेटबॉल, शूटिंग, वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन और तैराकी सहित कुल 10 खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें देशभर के पूर्व राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड के मास्टर्स खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
डॉ. रावत ने बताया कि वर्ष 2021 से उत्तराखंड के मास्टर्स खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर रहे हैं। फुटबॉल और एथलेटिक्स में राज्य के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक हासिल किए हैं।
उन्होंने बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री द्वारा सम्मानित भी किया गया है। खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है।
3 नवंबर से शुरू होगा पंजीकरण
राष्ट्रीय खेलों में प्रतिभाग करने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए 3 नवंबर से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होगी, जो 20 नवंबर 2026 तक चलेगी। इच्छुक खिलाड़ी पंजीकरण एवं अन्य विस्तृत जानकारी के लिए व्हाट्सऐप नंबर 9319895526 पर संपर्क कर सकते हैं।
डॉ. रावत ने बताया कि राष्ट्रीय खेलों में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को ट्रैक सूट एवं टीम ड्रेस भी उपलब्ध कराई जाएगी।
21 अक्टूबर से पवेलियन ग्राउंड में प्रशिक्षण शिविर
राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों के लिए 21 अक्टूबर से देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में प्रशिक्षण एवं अभ्यास शिविर शुरू किया जाएगा। शिविर प्रतिदिन सुबह 7:00 बजे से 8:30 बजे तक आयोजित होगा।
डॉ. रावत ने बताया कि अभ्यास एवं प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों की तैयारी, फिटनेस और प्रदर्शन के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। चयनित खिलाड़ियों के नामों की घोषणा 10 नवंबर को की जाएगी।
उन्होंने बताया कि चयनित खिलाड़ियों के लिए आयोजित फ्लैग-ऑफ कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री द्वारा खिलाड़ियों को शुभकामनाएं एवं प्रोत्साहन प्रदान किया जाएगा।
पूर्व खिलाड़ियों को दोबारा खेल मैदान से जोड़ने की पहल
डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि कोरोना काल के बाद उन्होंने 30 से 90 वर्ष तक की आयु के पूर्व खिलाड़ियों को दोबारा खेल मैदान से जोड़ने का अभियान शुरू किया। उन्होंने कहा कि पारिवारिक जिम्मेदारियों, नौकरी और अन्य व्यस्तताओं के चलते बड़ी संख्या में पूर्व खिलाड़ी खेलों से दूर हो गए थे।
उन्होंने बताया कि कई पूर्व खिलाड़ी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण भी सक्रिय खेल जीवन से अलग हो गए थे। ऐसे खिलाड़ियों को दोबारा खेलों से जोड़कर सक्रिय जीवनशैली अपनाने और अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।
इसी उद्देश्य से वर्ष 2021 में खेलो मास्टर्स गेम्स फाउंडेशन ऑफ उत्तराखंड की स्थापना की गई। संस्था की ओर से पूर्व खिलाड़ियों को दोबारा खेल गतिविधियों से जोड़ने, नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित करने और समाज में खेल एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
डॉ. रावत ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में हजारों खिलाड़ी इस अभियान से जुड़ चुके हैं। खेलों से जुड़ने के बाद मास्टर्स खिलाड़ी अपने स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति अधिक जागरूक हुए हैं तथा सक्रिय जीवनशैली अपना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मास्टर्स खिलाड़ी उम्र के इस पड़ाव पर अपने पुराने खेल जीवन को फिर से जी रहे हैं। उनका खेल के प्रति उत्साह और जुनून समाज के लिए प्रेरणादायी है। ये खिलाड़ी स्वयं को सक्रिय और स्वस्थ रखने के साथ-साथ अपने अनुभव और ऊर्जा से युवा पीढ़ी को भी खेलों के प्रति प्रेरित कर रहे हैं।
डॉ. रावत ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ, सक्रिय और सकारात्मक जीवन जीने का माध्यम भी है। मास्टर्स खिलाड़ियों का यह अभियान उम्र की सीमाओं को पीछे छोड़ते हुए खेलों के माध्यम से समाज में नई ऊर्जा, स्वास्थ्य और सकारात्मक सोच का संदेश दे रहा है।
डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत
महासचिव
खेलो मास्टर्स गेम्स फाउंडेशन ऑफ उत्तराखंड




