निदेशक प्रो. अमित अग्रवाल ने विद्यार्थियों से गांधी-शास्त्री के आदर्शों को जीवन में उतारने का किया आह्वान

गोपेश्वर, 2 अक्टूबर 2026। राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान (GIT), गोपेश्वर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8 बजे ध्वजारोहण, राष्ट्रगान एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. अमित अग्रवाल ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों और आदर्शों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दोनों महान राष्ट्रीय नेताओं का जीवन सादगी, सत्यनिष्ठा, अनुशासन और निःस्वार्थ सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को “सादा जीवन, उच्च विचार” के सिद्धांत को अपनाने तथा इन मूल्यों को अपने व्यक्तिगत, शैक्षणिक एवं व्यावसायिक जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।
प्रो. अमित अग्रवाल ने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी की जयंती मनाना केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके आदर्शों को दैनिक आचरण का हिस्सा बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन जिम्मेदार नेतृत्व, विनम्रता, समर्पण तथा समाज और राष्ट्र के प्रति सेवा भावना की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती आकांक्षा चौधरी ने किया। इस अवसर पर संस्थान के कुलसचिव संदीप कंडवाल, सहायक कुलसचिव ओमबीर सैनी, कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष श्रीमती मोनिका कंडवाल सहित संस्थान के शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में छात्र वैभव नेगी ने महात्मा गांधी के जीवन एवं उनके आदर्शों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं अमित कुमार ने लाल बहादुर शास्त्री के जीवन और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रामधुन ने कार्यक्रम के वातावरण को शांत एवं प्रेरणादायी बना दिया।
इस दौरान डॉ. अरविंद गोस्वामी ने भी संक्षिप्त प्रेरणादायी संबोधन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को गांधी जी और शास्त्री जी के अनुकरणीय जीवन से प्रेरणा लेते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थितजनों के बीच मिष्ठान वितरित किया गया। समारोह ने विद्यार्थियों और संस्थान परिवार को एकता, राष्ट्रप्रेम, अनुशासन एवं सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।




