
देहरादून, 2 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जनपद देहरादून के सभी थानों, चौकियों, कार्यालयों एवं पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दोनों महापुरुषों के जीवन मूल्यों और उनके आदर्शों के बारे में जानकारी देते हुए उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
एसएसपी ने पुलिसकर्मियों से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए अहिंसा एवं शांति को बढ़ावा देने, सद्भावना एवं सौहार्द बनाए रखने तथा सभी धर्मों के लोगों का सम्मान करने की अपील की। साथ ही बिना किसी पक्षपात, हिंसा और असहिष्णुता के निष्पक्ष रूप से अपने कर्तव्यों का पालन करने तथा समाज में शांति, सौहार्द एवं एकता स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयास करने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिसकर्मियों को एकता दिवस की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस लाइन देहरादून में कार्यरत 25 सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने उनके कार्य एवं योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
जनपद के विभिन्न थानों, चौकियों एवं पुलिस कार्यालयों में भी अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके आदर्शों को अपने कार्य एवं जीवन में अपनाने का संकल्प लिया गया।




