डीएम के निर्देश पर प्रमुख मार्गों का निरीक्षण, महिला सुरक्षा के मद्देनजर डार्क एरिया भी होंगे चिह्नित

देहरादून। शहर में जन सुरक्षा और महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के लिए विशेष अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर प्रमुख मार्गों के निरीक्षण के दौरान कुल 806 खराब स्ट्रीट लाइटें चिह्नित की गई हैं। नगर निगम, एनएचएआई, एमडीडीए और स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को इन्हें प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान के तहत 13 अधिकारियों को अलग-अलग मार्गों के निरीक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। निरीक्षण में सर्वे चौक से रायपुर मार्ग पर 105, राजपुर रोड से मोहकमपुर मार्ग पर 94, सहस्रधारा क्रॉसिंग से पैसिफिक गोल्फ कोर्स मार्ग पर 83 और मसूरी डायवर्जन से सचिवालय मार्ग पर 81 खराब स्ट्रीट लाइटें मिलीं। वहीं, आईएसबीटी शिमला बाईपास से प्रिंस चौक मार्ग पर सबसे अधिक 132 खराब लाइटें चिह्नित की गईं। सहस्रधारा क्रॉसिंग से पैसिफिक गोल्फ कोर्स मार्ग पर दो हाईमास्ट लाइटें भी खराब पाई गईं।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को मरम्मत कार्य में तेजी लाने और नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रमुख चौराहों, बाजारों, अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक मार्गों पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने को कहा है।
प्रशासन की ओर से ऐसे डार्क एरिया भी चिह्नित किए जाएंगे, जहां पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं है। डीएम ने स्पष्ट किया कि मरम्मत कार्य में लापरवाही या अनावश्यक देरी होने पर संबंधित विभागों और एजेंसियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। अभियान का उद्देश्य रात के समय सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना और अंधेरे के कारण होने वाली दुर्घटनाओं व अप्रिय घटनाओं की आशंका को कम करना है।
Tags: #Dehradun #StreetLights #DistrictAdministration #WomenSafety #DMDehradun




