देहरादून। गढ़ी कैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड में 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक तीन दिवसीय गोरखा दशैं-दीपावली महोत्सव एवं राजकीय मेले का आयोजन किया जाएगा। वीर गोरखा कल्याण समिति की ओर से आयोजित होने वाले इस दसवें महोत्सव में भारतीय और नेपाली संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, प्रदीप बत्रा और नेपाल के कार्यवाहक राजदूत डॉ. सुरेन्द्र थापा समेत कई गणमान्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।
बुधवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में वीर गोरखा कल्याण समिति के अध्यक्ष कमल थापा और अन्य पदाधिकारियों ने महोत्सव की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेले का उद्देश्य गोरखा समुदाय की पारंपरिक संस्कृति, लोक कला और रीति-रिवाजों को संरक्षित करने के साथ ही विभिन्न समुदायों के बीच आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा देना है।
लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहेंगी आकर्षण
तीन दिवसीय महोत्सव में गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी संस्कृति के साथ नेपाली लोकनृत्य एवं संगीत की प्रस्तुतियां होंगी। मयूर नृत्य और आकाश थापा की प्रस्तुतियां भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजकों के अनुसार, महोत्सव में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
नेपाली और उत्तराखंडी व्यंजनों का मिलेगा स्वाद
मेले में उत्तराखंड और नेपाल के पारंपरिक खान-पान एवं वेशभूषा से रूबरू होने का अवसर मिलेगा। इसके लिए विभिन्न स्टॉल लगाए जाएंगे। नेपाली सेल रोटी, गोरखाली चटनी, फिनी, चुकानी और गुंद्रुक के साथ उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों का भी लोग आनंद ले सकेंगे।
गणमान्य अतिथियों को किया जाएगा सम्मानित
आयोजकों ने बताया कि मेले में पद्मश्री से सम्मानित कुछ विशिष्ट अतिथियों को भी आमंत्रित किया गया है। समिति की ओर से विशेष सम्मान प्रदान करने की भी योजना है। कार्यक्रम में विधायक विनोद चमोली और महापौर सौरभ थपलियाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की बात कही गई है।
पत्रकार वार्ता में समिति के संरक्षक इंजीनियर मेग बहादुर थापा, मेजर बीपी थापा, मेजर अमर राई, वरिष्ठ उपाध्यक्ष उर्मिला तमांग, उपाध्यक्ष सूर्य बिक्रम शाही, महासचिव विशाल थापा, कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी टेकु थापा, सचिव देविन शाही, सह-सचिव आशु थापा, सांस्कृतिक सचिव देव कला दिवान, सह-सांस्कृतिक सचिव करमिता थापा, संगठन मंत्री लोकेश बन, सोनु गुरुंग सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।




