देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की पहल पर जनपद में आयोजित विशेष दिव्यांग शिविरों के माध्यम से 150 दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए गए। शिविरों में पात्र दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चिह्नित करने के साथ ही यूडीआईडी (विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र) बनवाने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया भी पूरी की गई।
जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिडियाल ने बताया कि अक्टूबर माह में जनपद के विभिन्न विकासखंडों में चार विशेष दिव्यांग शिविर आयोजित किए गए। इनमें 21 अक्टूबर को गांधी शताब्दी अस्पताल, रायपुर में आयोजित शिविर में 31 दिव्यांगजनों को प्रमाण पत्र जारी किए गए। वहीं, 22 अक्टूबर को विकासखंड डोईवाला परिसर में 39, 23 अक्टूबर को राजकीय इंटर कॉलेज मेहूंवाला (शिमला बाईपास) में 26 तथा 26 अक्टूबर को रियांश रिजॉर्ट, शिमला बाईपास रोड स्थित शिविर में 54 दिव्यांगजनों को प्रमाण पत्र दिए गए।
उन्होंने बताया कि इन शिविरों का आयोजन स्वास्थ्य विभाग एवं जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के सहयोग से किया गया। शिविरों में दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनकी दिव्यांगता की जांच की गई और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रमाण पत्र जारी किए गए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री दिव्यांग सहायता केंद्र के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण के बाद पात्र दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चिह्नित किया गया।
दिव्यांगता प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए आवेदकों को यूडीआईडी पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना होता है। इसके बाद संबंधित चिकित्सकों द्वारा दिव्यांगता की जांच की जाती है। चिकित्सकीय परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर मुख्य चिकित्साधिकारी की ओर से प्रमाण पत्र जारी किए जाते हैं।
जिलाधिकारी के दिशा-निर्देशों में आयोजित इन शिविरों के माध्यम से दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य परीक्षण, दिव्यांगता प्रमाण पत्र और सरकारी योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।




