
ऊर्जा क्षेत्र के विभिन्न संस्थानों के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा, टीम इवेंट में यूजेवीएनएल और यूपीसीएल फाइनल में पहुंचे
देहरादून। उत्तराखंड में ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े संस्थानों के अधिकारियों और कर्मचारियों को खेलों के माध्यम से एक साझा मंच प्रदान करने के उद्देश्य से यूजेवीएन लिमिटेड की ओर से दो दिवसीय उत्तराखंड पावर सेक्टर बैडमिंटन टूर्नामेंट-2026 का आयोजन किया जा रहा है। 1 और 2 नवंबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश और देश के ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न संस्थानों के खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रतियोगिता का शुभारंभ यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ऊर्जा क्षेत्र के विभिन्न संस्थानों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच आपसी सहयोग, टीम भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सौहार्द को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि व्यस्त कार्यशैली के बीच खेल गतिविधियां शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी महत्वपूर्ण हैं।
महिला युगल में कमला राणा और सुनीता बिष्ट बनीं विजेता
प्रतियोगिता के महिला युगल वर्ग में कमला राणा और सुनीता बिष्ट की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सोनम मखीजा और मोना उप्रेती की जोड़ी को पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया।
यूजेवीएनएल के निदेशक परिचालन जीएस बुदियाल ने कहा कि इस तरह के आयोजन केवल खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विभिन्न संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय, आपसी संबंध और सकारात्मक कार्यसंस्कृति विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कई वर्गों में खेले जा रहे मुकाबले
प्रतियोगिता में यूजेवीएनएल, यूपीसीएल, पिटकुल, उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग, ऊर्जा सेल, उरेडा, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, टीएचडीसी, एनटीपीसी, एनएचपीसी, रिन्यू जल ऊर्जा प्राइवेट लिमिटेड, जयप्रकाश पावर वेंचर्स लिमिटेड और अलकनंदा हाइड्रो पावर कंपनी लिमिटेड सहित विभिन्न संस्थानों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।
दूसरे दिन होंगे फाइनल मुकाबले
प्रतियोगिता के तहत टीम इवेंट में यूजेवीएनएल और यूपीसीएल ने फाइनल में जगह बनाई है। वहीं पुरुष युगल 45 प्लस श्रेणी के फाइनल में जीएस बुदियाल और अमित कटारिया की जोड़ी का मुकाबला संजय कुमार और मनोज रावत की जोड़ी से होगा।
महिला एकल वर्ग के फाइनल में कमला राणा और सोनम मखीजा आमने-सामने होंगी। जबकि मिश्रित युगल वर्ग में ललित कुमार और पूजा नेगी की जोड़ी का मुकाबला सुमित राणा और कमला राणा की जोड़ी से होगा।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के साथ बड़ी संख्या में खेलप्रेमी भी मौजूद रहे। पहले दिन के मुकाबले देर रात तक जारी रहे। टूर्नामेंट के दूसरे दिन सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।
Tags: #UJVNL #UttarakhandPowerSector #BadmintonTournament2026 #AjayKumarSingh #UttarakhandNews #SportsNews #Dehradun




